छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती और प्यार का अंत बेहद दर्दनाक और खौफनाक हो गया. ब्रेकअप के बाद नाराज गर्लफ्रेंड ने अपने ही बॉयफ्रेंड के सीने में ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसकी जान ले ली. यह सनसनीखेज घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है.
दूसरी लड़की से दोस्ती का शक
मिली जानकारी के अनुसार, रोशनी सूर्यवंशी (22) और कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) की दोस्ती करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. ऑनलाइन बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई, लेकिन कुछ समय बाद कामता ने रोशनी से दूरी बना ली. उसने न केवल बात करना बंद कर दिया, बल्कि कॉल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोशनी को ब्लॉक भी कर दिया. इसी बात से आहत और नाराज रोशनी को शक था कि कामता ने उसे छोड़कर किसी दूसरी लड़की से दोस्ती कर ली है.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप
मंगलवार सुबह रोशनी चाकू लेकर कामता प्रसाद के घर पहुंची. दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर रोशनी ने कामता के सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल कामता को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी, BJP नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा था. इस कारण मामला और भी संवेदनशील हो गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रोशनी पहले से ही बॉयफ्रेंड को मारने के इरादे से चाकू लेकर पहुंची थी. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, मोबाइल कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया चैट की जांच कर रही है.
(मनीष शरण की रिपोर्ट)