मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई एक अधूरी प्रेम कहानी का खौफनाक और सनसनीखेज अंत सामने आया है. जबलपुर पुलिस ने हनी ट्रैप के एक बड़े मायाजाल का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर महिला को व्यापारी से ढाई लाख रुपये की उगाही करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
बार डांसर है आरोपी-
पकड़ी गई आरोपी कोई और नहीं, बल्कि दो बच्चों की मां और बार डांसर पूजा रैदास है, जो खुद को छात्रा बताकर पिछले एक साल से व्यापारी को अपने हुस्न के जाल में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठ रही थी. दरअसल मामला जबलपुर के ग्वारीघाट निवासी व्यापारी सार्थक सिंह से जुड़ा है. अप्रैल 2025 में सार्थक की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली की रहने वाली पूजा रैदास से हुई थी. बातों ही बातों में दोनों के बीच दोस्ती हुई और यह दोस्ती जल्द ही प्यार के झूठे वादों में बदल गई.
पूजा ने खुद को स्टूडेंट बताया-
पूजा ने व्यापारी के सामने खुद की पहचान एक सीधी-साधी स्टूडेंट के रूप में पेश की थी, जबकि हकीकत में वह जबलपुर के ही एक बार में डांसर का काम करती थी. सार्थक पूजा के प्यार में इस कदर अंधा हो चुका था कि वह उसे बार-बार उसके गृह ग्राम छोड़ने भी जाता था. इस दौरान व्यापारी ने महिला की हर एक फरमाइश पूरी की, महंगी गाड़ियां, महंगे तोहफे और लाखों रुपये का सामान खरीदकर दिया.
20 लाख रुपए की मांग की-
जैसे-जैसे रिश्ते में नजदीकियां बढ़ीं, पूजा का असली रूप सामने आने लगा. कुछ समय बाद ही उसने व्यापारी को अपने चंगुल में कसना शुरू कर दिया. प्यार के नाम पर शुरू हुई यह कहानी जल्द ही पैसों की अंधी भूख और धमकी में तब्दील हो गई. महिला ने व्यापारी से सीधे 20 लाख रुपये की मोटी रकम की मांग कर डाली. जब व्यापारी ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो आरोपी महिला ने उसे झूठे पुलिस केस और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकियां देना शुरू कर दिया.
7 लाख में तय हुआ मामला-
व्यापारी पुलिस केस के डर से बुरी तरह टूट चुका था और लगातार ब्लैकमेल हो रहा था. महिला लगातार दबाव बना रही थी, जिसके बाद काफी मान-मनौव्वल के बाद मामला 7 लाख रुपये में तय हुआ. लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 18 सितंबर को पीड़ित व्यापारी सार्थक सिंह ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
बेनकाब करने के लिए पुलिस ने बनाया प्लान-
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को समझा और हनी ट्रैप गैंग को बेनकाब करने के लिए एक सीक्रेट प्लान बनाया. पुलिस के निर्देश पर सार्थक ने महिला को फोन कर बताया कि उसने पहली किश्त के रूप में 2.5 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया है. पैसों के लालच में अंधी हो चुकी पूजा तुरंत जबलपुर आने के लिए तैयार हो गई. रविवार दोपहर को कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपालबाग स्थित होटल कदम ट्री में मिलने का स्थान तय हुआ.
पुलिस ने महिला को दबोचा-
रविवार को होटल कदम ट्री में सार्थक और पूजा की मुलाकात हुई. लेकिन पूजा इस बात से बेखबर थी कि पूरे होटल और कमरे के आसपास सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मी और पुलिस की टीम मुस्तैद थी. जैसे ही पूजा ने व्यापारी सार्थक के हाथों से 2.5 लाख रुपये से भरा बैग लिया और बाहर निकलने लगी, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. महिला के बैग की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से पूरे ढाई लाख रुपये नगद बरामद हुए. मौके पर ही पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और कोतवाली थाने ले आई.
2 बच्चों की मां है पूजा-
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला दो बच्चों की मां है और वह लंबे समय से बार डांसर के रूप में काम कर रही है. सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया गया था. महिला को ढाई लाख रुपये की वसूली करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है इसके साथ ही महिला के मोबाइल की सघन जांच की जा रही है. महिला के खिलाफ एक्सटॉर्शन की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है.
मोबाइल, सोशल मीडिया खंगाल रही पुलिस-
पुलिस अब आरोपी पूजा रैदास के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और व्हाट्सएप चैट्स को खंगाल रही है. पुलिस को अंदेशा है कि यह कोई अकेली महिला का काम नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक पूरा हनी ट्रैप गिरोह काम कर रहा हो सकता है. मोबाइल डेटा खंगालने के बाद यह साफ हो पाएगा कि आरोपी महिला ने अब तक और कितने मासूमों या अमीर व्यापारियों को अपने जाल में फंसाकर शिकार बनाया है. शहर में इस सनसनीखेज वारदात के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: