Advertisement

Jaipur News: पहले व्यापारी से दोस्ती... फिर होटल में बिछा जाल... बॉयफ्रेंड की स्क्रिप्ट पर गर्लफ्रेंड का हनीट्रैप!

जयपुर में एक कपड़ा व्यापारी को पहले प्यार और भरोसे के जाल में फंसाया गया, फिर अपहरण कर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे की धमकी देकर 5 लाख रुपए की फिरौती मांग ली गई. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं.

Accused in police custody
विशाल शर्मा
  • जयपुर,
  • 07 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:26 AM IST

जयपुर में हनीट्रैप, होटल, अपहरण और फिरौती का ऐसा खेल सामने आया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया. एक कपड़ा व्यापारी को पहले प्यार और भरोसे के जाल में फंसाया गया, फिर होटल में पूरी साजिश रची गई और उसके बाद अपहरण कर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे की धमकी देकर 5 लाख रुपए की फिरौती मांग ली गई. इस सनसनीखेज मामले में सोडाला थाना पुलिस ने युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है.

फिल्मी अंदाज में अपहरण कर ब्लैकमेलिंग का खेल 
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे ऑपरेशन की स्क्रिप्ट बॉयफ्रेंड अशोक मीना और उसकी गर्लफ्रेंड अनुष्का मीना ने मिलकर तैयार की थी. व्यापारी राजेंद्र साहू को निशाना बनाने के लिए पहले उससे दोस्ती की गई, फिर उसे खाटू श्यामजी ले जाया गया और होटल में गैंग के बाकी सदस्य भी पहुंच गए. इसके बाद फिल्मी अंदाज में अपहरण कर ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू कर दिया गया.

इस तरह आरोपियों ने बिछाया जाल
जांच अधिकारी महादेव ने बताया कि गिरफ्तार युवती अनुष्का मीना पहले कपड़े खरीदने के बहाने व्यापारी की दुकान पर आने लगी. बार-बार मिलने-जुलने के दौरान उसने व्यापारी का विश्वास जीत लिया और दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई. इसी दौरान अनुष्का ने खाटू श्यामजी जाने का प्रस्ताव रखा. व्यापारी उसके साथ रात में ही खाटू चला गया और खाटू श्यामजी पहुंचने के बाद दोनों एक होटल में रुके. पुलिस के अनुसार, पहले से तय योजना के तहत अनुष्का के परिचित युवक भी वहां पहुंच गए. इनमें से एक युवक ने खुद को युवती का पति बताया और व्यापारी पर संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद आरोपियों ने व्यापारी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और उसका अपहरण कर सवाई माधोपुर की ओर ले गए. रास्ते में उसे लगातार धमकाया गया कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो उसके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा.

व्यापारी के मोबाइल से परिजनों को किया कॉल
अपहरण के बाद आरोपियों ने व्यापारी के मोबाइल फोन से उसके परिजनों से संपर्क किया और 5 लाख रुपए की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो व्यापारी को गंभीर कानूनी मामले में फंसा दिया जाएगा. 23 जुलाई को सोडाला थाने में दर्ज शिकायत में पीड़ित ने बताया कि एक महिला और उसके साथी उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी राजर्षि राज और सोडाला थानाधिकारी मनोज के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच करते हुए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और व्यापारी को उनके चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनुष्का मीना, अशोक मीना, रजनेश मीना, राजेंद्र कुमार मीना और मोनू को गिरफ्तार कर लिया.

होटल में रची गई पूरी कहानी 
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिसने होटल में खुद को युवती का पति बताया, वह वास्तव में अनुष्का का बॉयफ्रेंड था. उसी की योजना के अनुसार व्यापारी को फंसाया गया. होटल में पूरी कहानी रची गई और फिरौती वसूलने की कोशिश की गई. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने पहले भी इसी तरह कितने लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement