'पापा ये लोग मुझे मार रहे हैं...' पिता से फोन पर बोली बेटी, 3 घंटे बाद आई मौत की खबर

यूपी के झांसी में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. महिला के मायके वालों का आरोप है कि सुसराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था. उनका आरोप है कि महिला ने मौत से 3 घंटे पहले पिता से फोन पर बात की थी और अपनी हत्या की आशंका जताई थी.

Jhansi News
gnttv.com
  • झांसी,
  • 25 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी दहेज प्रथा की काली छाया एक बार फिर एक युवा जिंदगी पर भारी पड़ती नजर आ रही है. विवाह के 2 साल बाद एक 26 साल की युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने झकझोर कर रख दिया है. मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज में लाखों रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने युवती की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है.

10-12 लाख रुपए दहेज की थी मांग-
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले स्थित ओरछा में रहने वाले लक्ष्मीनारायण ने अपनी बेटी करिश्मा का विवाह दिसंबर 2024 में झाँसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के गुमनावारा निवासी रामजी यादव के साथ किया था. करिश्मा एमए पास थी, शादी की शुरुआत के कुछ समय बाद ही ससुराल में उसका जीवन तनावपूर्ण हो गया. परिजनों के मुताबिक उसे छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित किया जाता था और दहेज को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे. आरोप है कि ससुराल पक्ष 10 से 12 लाख रुपये तक की मांग कर रहा था.

आखिरी कॉल पर करिश्मा ने क्या कहा?
घटना वाले दिन दोपहर करीब 4 बजे करिश्मा ने अपने पिता को फोन किया. वह बेहद घबराई हुई थी और रोते हुए बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है. उसने आशंका जताई कि उसकी हत्या की जा सकती है. यह कॉल अब इस मामले का सबसे अहम पहलू बन गया है, जो घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति और खतरे की ओर इशारा करता है. परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने ससुराल पक्ष से बात करने की कोशिश की तो उन्हें टालमटोल भरा और कथित तौर पर धमकी जैसा जवाब मिला. जिससे हालात की गंभीरता और स्पष्ट हो गई.

मौत से पहले क्या हुआ?
मृतिका के भाई पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे परिजनों को करिश्मा की मौत की सूचना मिली, वह भी सीधे नहीं बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से. जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उन्होंने जो देखा, उसने आत्महत्या की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए.

परिजनों के अनुसार, शव फांसी के फंदे से लटका हुआ नहीं बल्कि नीचे रखा हुआ था. जिस कमरे में फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां की ऊंचाई इतनी अधिक है कि वहां तक पहुंच पाना संभव नहीं लगता, मृतका के गले से मंगलसूत्र गायब था, ये सभी परिस्थितियां हत्या और साक्ष्य मिटाने की आशंका को मजबूत करती हैं.

घटना के बाद ससुराल वाले फरार-
मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए. मृतका का पति रामजी यादव भी घर पर नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताया जा रहा है. यह स्थिति पूरे मामले को और संदिग्ध बना रही है.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार-
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है.

(अजय झा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED