उत्तर प्रदेश के कानपुर में थाईलैंड की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कारोबारी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया है. महिला ने आरोप लगाया है कि इरफान ने खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी की और बाद में अलग-अलग वजहों से करीब 60 लाख रुपये ले लिए. महिला का यह भी आरोप है कि रकम लौटाने के लिए उसने धर्म परिवर्तन और भारत में उसके साथ रहने की शर्त रखी.
4 साल पहले हुई थी पहचान-
महिला के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए करीब चार साल पहले उसकी इरफान से जान-पहचान हुई थी. कारोबार के सिलसिले में इरफान का थाईलैंड आना-जाना था. मुलाकातों के बाद दोनों के बीच करीबी बढ़ी और महिला का दावा है कि करीब दो साल पहले दोनों ने थाईलैंड में स्थानीय रीति-रिवाज से विवाह किया.
इरफान ने लिए 60 लाख रुपए-
शादी के बाद भी इरफान थाईलैंड आता रहा. महिला का आरोप है कि इसी दौरान अलग-अलग कारोबारी जरूरतों का हवाला देकर उससे रकम ली गई और कुल मिलाकर करीब 60 लाख रुपये उसके पास चले गए. जब महिला ने पैसे वापस करने को कहा तो कथित तौर पर इरफान ने उससे भारत आकर उसके साथ रहने और इस्लाम धर्म अपनाने की बात कही.
इस्लाम अपनाने का बनाया दबाव-
महिला का दावा है कि उससे बुर्का पहनने के लिए भी कहा गया. उसने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया. इसके बाद फरवरी 2026 में इरफान भारत लौट आया और धीरे-धीरे महिला से संपर्क बंद कर दिया. महिला के मुताबिक, कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह खुद कानपुर पहुंची,
भारत आई तो इरफान की सच आया सामने-
6 अक्टूबर को महिला एक परिचित के साथ लाटूश रोड स्थित इरफान के घर पहुंची. महिला का कहना है कि वहीं उसे पहली बार जानकारी हुई कि इरफान की पहले से शादी हो चुकी है और उसके तीन बच्चे हैं. इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया और अपनी शादी से जुड़े फोटो, दस्तावेज और अन्य कागजात पुलिस को उपलब्ध कराए.
कैंटीन का कारोबार करती है महिला-
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि वह थाईलैंड में कैंटीन और रेस्टोरेंट का कारोबार करती है. उसके मुताबिक, इरफान को दी गई रकम में उसकी अपनी कमाई के साथ-साथ रिश्तेदारों से उधार लेकर जुटाया गया पैसा भी शामिल है. महिला का कहना है कि वह फिलहाल अपनी रकम वापस चाहती है.
इरफान ने झूठ बोलकर की शादी-
पुलिस के अनुसार, शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि इरफान ने खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी की थी. इसके बाद उससे करीब 60 लाख रुपये लिए गए और संपर्क खत्म कर दिया गया. महिला ने घर पहुंचने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है. साथ ही उसने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायत की.
इरफान के खिलाफ केस दर्ज-
शिकायत के आधार पर अनवरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने नामजद आरोपी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस शादी से जुड़े दस्तावेज, दोनों के बीच हुए पैसों के लेन-देन और महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है.
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत में सामने आए अन्य तथ्यों का भी सत्यापन कराया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: