Advertisement

Kanpur News: लव मैरिज का खौफनाक अंत! 2 महीने पहले ही की थी कोर्ट में शादी, अब पति ने सिर पर लोहे की रॉड मार पत्नी की कर दी हत्या, खुद दी पुलिस को सूचना

कानपुर में एक पति ने अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड मार हत्या कर दी है. दो महीने पहले ही दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी. इस तरह से लव मैरिज का खौफनाक अंत हो गया है. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

Husband murdered his wife
तनुज अवस्थी
  • कानपुर ,
  • 06 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:58 PM IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में महज दो महीने पहले हुई लव मैरिज का खौफनाक अंत हो गया. पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित कर दिया.

किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद 
पूरा मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के पास का है. डेरापुर थाना क्षेत्र के डुडौली गांव निवासी 29 वर्षीय सपना उर्फ आसमा अपने पति 30 वर्षीय गजेंद्र संखवार के साथ किराए के मकान में रह रही थी. गजेंद्र मिस्त्री का काम करता है. रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सपना मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गजेंद्र ने लोहे की रॉड उठाकर सपना के सिर पर वार कर दिया.

खुद दी पत्नी की हत्या करने की पुलिस को सूचना 
रॉड के वार से सपना गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़ी. उसके बाद गजेंद्र ने खुद पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सपना को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने गजेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

दर्दनाक अंत
सपना और गजेंद्र की शादी करीब दो महीने पहले ही माती कोर्ट में कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी. जिस रिश्ते की शुरुआत साथ जीने-मरने के वादे के साथ हुई थी, उसका अंत अब एक दर्दनाक हत्या के रूप में हुआ है.

क्या बोले अपर पुलिस अधीक्षक
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने बताया कि दो महीने पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी. घरेलू विवाद होने के कारण गजेंद्र ने रॉड मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. मृतका का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है. मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. तहरीर प्राप्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है.


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement