उत्तर प्रदेश के कानपुर से दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. नौबस्ता थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद खुद फोन कर इसकी सूचना पुलिस को दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद जैसे ही सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. रविवार सुबह करीब 4:30 बजे 112 नंबर पर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों का गला रेतकर हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. स्थानीय पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए. जब पुलिस टीम फ्लैट के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का मंजर बेहद भयावह था. दोनों मासूम बच्चियों के शव घर के अंदर पड़े थे और उनके गले पर गहरे कट के निशान थे. इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया. पुलिस ने तत्काल मौके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी.
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
आरोपी की पत्नी रेशमा के बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है. पत्नी रेशमा क्षेत्री ने अपने पति पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं और घर के भीतर की स्थिति का खुलासा किया है. पत्नी के मुताबिक उसकी शादी साल 2014 में लव मैरिज हुई थी. वह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली है, जबकि पति बिहार के रहने वाले हैं. कानपुर में नौकरी के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव शुरू हो गया था. रेशमा ने बताया कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में रहता था और उसके साथ मारपीट करता था. वह उन्हें मायके जाने से भी रोकता था.जब भी वह जाने की कोशिश करती तो उसके साथ हिंसा की जाती थी. पत्नी का आरोप है कि पति बार-बार उससे कहता था कि वह बेटे को लेकर कहीं और चली जाए जबकि वह दोनों बेटियों को अपने पास रखेगा.
घर के अंदर लगवाए थे CCTV
पत्नी ने यह भी बताया कि आरोपी ने घर के अंदर कई CCTV कैमरे लगवा रखे थे. खासतौर पर अपने कमरे में. वह किसी को भी उस कमरे में प्रवेश नहीं करने देता था. रेशमा को खुद अपने ही घर में उस कमरे के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी और वह बाहर से ही स्क्रीन पर कैमरों की फुटेज देखती थी. उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब वह बेटे को लेकर मायके चली गई थीं, लेकिन बेटियों को साथ नहीं ले जाने दिया गया. करीब 9 महीने बाद वह वापस लौटी क्योंकि बेटियों के बिना रह पाना मुश्किल हो रहा था.
मरने की करता था बात
पत्नी के अनुसार, पति अक्सर कहता था कि वह मरना चाहता है और दोनों बेटियों को भी अपने साथ ले जाएगा. घटना वाली रात के बारे में रेशमा ने बताया कि सब कुछ सामान्य लग रहा था. परिवार ने साथ में खाना खाया और उसके बाद पति बेटियों को लेकर अपने कमरे में सोने चला गया. वह काफी देर तक फोन पर बात करता रहा, जिसे पत्नी CCTV के जरिए देख रही थी. करीब रात 2:30 बजे वह एक बेटी को लेकर बाथरूम गया और कुछ देर बाद वापस कमरे में आ गया. इसके बाद उसने कमरे की लाइट बंद कर दी. पत्नी ने दरवाजे और खिड़की के पास जाकर कोई हलचल या आवाज सुनने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ शांत था. उसे लगा कि सभी सो गए हैं. इसके बाद कब और कैसे यह वारदात हुई, उसे इसकी जानकारी नहीं हो सकी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश जारी है.
(सिमर चावला की रिपोर्ट)