उत्तर प्रदेश के कानपुर में बदमाश और लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि वह दिन दहाड़े पुलिस वालों के घरों में लूट की वारदात को अंजाम देने लगे हैं. सोमवार को कानपुर के श्याम नगर इलाके में एक पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर के घर में दिन दहाड़े धावा बोलकर 10 लाख से ज्यादा की लूट की. इस दौरान लुटेरों ने बहू और पोते को चाकू की और पिस्तौल की नोक पर रस्सी से बांधकर किचन में बंद कर दिया. लुटेरों ने धमकी दी कि हम तुम्हारी जान नहीं लेना चाहते हैं, अपनी चाबियां दे दो. नाबालिग पोता एक लुटेरे से भिड़ गया तो उसे चाकू से जख्मी कर दिया.
नकाबपोश लुटेरों ने बोला धावा-
घटना श्याम नगर चौकी के सी-ब्लॉक की है, जहां बदमाशों ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर दिवंगत जय नारायण त्रिपाठी के शिक्षक बेटे शरद चंद्र त्रिपाठी के घर में उस समय धावा बोला, जब उनका 16 साल का बेटा देवांश पढ़ाई कर रहा था और पत्नी रचना घर के अंदर किचन में काम कर रही थी. रचना और देवांश का कहना है कि दो लुटेरे नकाब पहने थे. एक का चेहरा खुला था. वह जब घर में घुसे तो देवांश एक लुटेरे से भिड़ गया. जिसमें उसने चाकू निकाल कर उसके हाथ पर मार दिया.
'हम तु्म्हारी जान नहीं लेना चाहते, चाबी दे दो..'
पीड़ितों ने बताया कि लुटेरों ने धमकी दी कि तुम्हारी मां को हमने बंधक बना लिया है. उनकी जान ले लेंगे. इसके बाद मां बेटे दोनों को किचन में रस्सियों से बांध दिया. साथ में धमकी दे दी कि चुपचाप रहना, चाबी दे दो, हम तुम्हारी जान नहीं लेना चाहते हैं. जान की बात सुनते ही मां उनके पैरों में गिर गई और कहने लगी कि आपको जो लेना हो, ले जाओ, जान मत लेना. इसके बाद लुटेरे उनका मंगलसूत्र, पायल, पैसा और जेवर लेकर चले गए. इस दौरान वे दोनों के फोन भी ले गए. जिनका घर से डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर एक पेड़ के नीचे फेंक दिया. जिन्हें एक दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने दोनों मोबाइल बरामद कर लिए.
45 मिनट तक घर का कोना-कोना छान मारा-
करीब 45 मिनट तक घर का कोना-कोना छानने के बाद, जाते-जाते बदमाशों ने दोनों को किचन में बंद कर दिया. इस लूट में बदमाश लाखों रुपये की ज्वेलरी और 15 हजार रुपये नकद ले गए.
घटना के करीब 1 घंटे बाद जब घर में काम करने वाली मेड प्रियंका पहुंची, तो उसने देखा कि पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है. अनहोनी की आशंका के बीच उसे किचन से रचना की दबी हुई आवाज सुनाई दी. प्रियंका ने तुरंत किचन का दरवाजा खोला और मां-बेटे को बंधन मुक्त कर पुलिस को सूचना दी.
जांच में जुटी पुलिस-
डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि दोपहर 12 बजे इस घटना की सूचना मिली थी. तीन युवक अपाचे बाइक से आए थे. फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों के भागने का रूट और उनकी पहचान की जा सके.
ये भी पढ़ें: