कानपुर में पति और सास-ससुर को चाय में केमिकल मिलाकर धीरे-धीरे जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में घिरी पत्नी के मामले में नया मोड़ आ गया है. CA पति हिमांशु गुप्ता ने अपनी पत्नी ज्योति पर आरोप लगाए थे. थाने में मामला भी दर्ज करा दिया था. लेकिन अब खुद पत्नी सामने आई है और पति के आरोपों को झूठ करार दिया है.
वाइफ का आरोपों से इनकार-
पत्नी ज्योति गुप्ता ने खुद सामने आई और पति के आरोपों से इनकार किया. उसका कहना है कि मेरा पति झूठे आरोप लगा रहा है. अपनी सास की चाय में मैं खुद उसके कहने पर ही हल्दी और लौंग मिलाती थी. सास को बस में करने के उपाय मेरे पति ने ही मुझे अपनी इंस्टाग्राम आईडी से वीडियो भेज कर करने को कहा था. जिसका उसने चुपचाप वीडियो बना लिया.
वो प्रेमिका से शादी करना चाहता है- पत्नी
पत्नी ज्योति का कहना है कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है. इसलिए मेरे खिलाफ तलाक का मुकदमा लगाया था. उसमें चार्टशीट लग गई है. अब वो फंस गया है. इसलिए डेढ़ साल बाद वीडियो सामने ला रहा है. पत्नी का कहना है कि अगर वो सच्चे हैं तो उनको कोर्ट में तलाक मामले की सुनवाई में वीडियो लगा देते. लेकिन अब वीडियो वायरल करने का क्या मतलब है?
उसने पैसों के लिए की थी शादी- ज्योति
इस मामले में पत्नी ज्योति का कहना है कि मेरे पिताजी प्रॉपर्टी डीलर थे. हमने 75 लाख की शादी की थी. यह शादी भी पति ने पैसे के लालच में ड्रामा करके की थी. एक रिश्तेदार ने शादी कराई थी. वह शादी के बाद से ही मेरे पिताजी से करोड़ों का प्लांट मांगने लगे. मैं खुद सरकारी अस्पताल में पैथोलॉजी टेक्नीशियन हूं. यह मेरी सैलरी ले लेते थे. कुछ करते नहीं हैं. पुणे में नौकरी का दावा झूठा करते हैं. शादी के बाद से एक दिन भी पुणे नहीं गए.
उसने प्रेमिका के बारे में बताया था- ज्योति
ज्योति का कहना है कि शादी के कुछ दिनों बाद उन्होंने मुझे बताया कि मेरी बैंगलोर में रहने वाली एक लड़की से प्रेम संबंध है. मेरी शादी पहले उसे हो रही थी. वह उससे बात भी करते थे. मेरी सास ब्यूटी पार्लर चलाती हैं. वह इस लड़की से मेरे पति की शादी करना चाहती थी. मेरी सास से नहीं बनती थी तो मेरे पति ने कहा कि सास को बस में करने के मैं उपाय के वीडियो तुमको भेजता हूं. तुम उसी तरह चाय बनाते समय उसमें कुछ मिला देना. उसे वीडियो में जो मेरे पति ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से भेजे थे. उसमें सास को बस में करने के लिए हल्दी और लौंग को मिलाकर देने का उपाय लिखा था. पति के कहने पर ही मैंने अपनी सास की चाय में वह मिलाकर दिया था. जिसका मेरे पति वीडियो बना रहे हैं. यह मुझे पता ही नहीं था. इसके बाद हमारा विवाद हुआ तो मेरे घर वाले मुझे मायके ले आये थे. उधर, पति ने मेरे आने के दूसरे दिन ही मेरे खिलाफ अदालत में तलाक का मुकदमा लगा दिया था. फिर मैं चकेरी थाने में ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट और दहेज समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
पत्नी ज्योति का कहना है कि उसने अस्पताल में पहुंचकर मेरे साथ मारपीट की. इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट लगा दी है. अब उसे जेल जाना पड़ेगा. वो हमसे समझौता करना चाहते हैं. लेकिन मैं इसके लिए तैयार नहीं हूं तो वो डेढ़ साल पुराना वीडियो वायरल कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: