Advertisement

कार की छत पर हाथ फंसाकर डेढ़ किमी तक घसीटा, मारपीट की, गाड़ी से कुचला.. CCTV में कैद हैवानियत

यूपी के कानपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक युवक को कार की छप पर बांधकर कई किलोमीटर तक कार दौड़ाई. युवक के साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद युवक को सड़क पर गिरा दिया गया और उसके ऊपर कार चढ़ा दी गई. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई.

Kanpur news
सिमर चावला
  • कानपुर,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:43 AM IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक की हत्या के मामले में सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं. परिजनों के मुताबिक कार सवार युवकों ने पहले उसे टक्कर मारकर गिराया और फिर मारपीट की. इसके बाद उसे कार की छत पर डालकर दोनों हाथ खिड़कियों के शीशों में फंसा दिए. शीशे बंद कर आरोपी गाड़ी को तेज रफ्तार में दौड़ाते रहे. करीब डेढ़ किलोमीटर तक युवक को इसी हालत में ले जाने के बाद उसे सड़क पर गिरा दिया और उसके ऊपर कार चढ़ाकर भाग निकले.

पुलिस पर परिजनों के आरोप-
गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई. घटना मंगलवार रात हनुमंत विहार थाना क्षेत्र की है. परिजनों का दावा है कि वारदात 12 से अधिक सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. उन्होंने पुलिस पर शुरुआती शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है.

हंसता खेलता परिवार उजड़ गया-
अर्रा निवासी बीरू सिंह भदौरिया एक खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी में सेल्समैन था. परिवार में पत्नी रीना, बेटियां सीवी और ईशानी, बेटा विराज, पिता राम शंकर सिंह और बड़ा भाई कुलदीप सिंह भदौरिया हैं.

बीरू के पिता राम शंकर सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उनके बेटे का खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल से विवाद हुआ था. इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी.

छत पर बांधकर कई किमी दौड़ाई कार-
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात बीरू दशहरा मेला देखकर घर लौट रहा था. रास्ते में मेवालाल अपने साथियों के साथ कार लेकर पहुंचा. गाड़ी में राजवीर और तीन अन्य युवक भी थे. आरोप है कि उन्होंने बीरू को रोककर उसके साथ मारपीट की. वह बचने के लिए भागा तो कार से टक्कर मार दी गई. इसके बाद आरोपियों ने उसे कार की छत पर डाल दिया. उसके दोनों हाथ आगे की खिड़कियों के शीशों के बीच फंसाकर उन्हें बंद कर दिया. फिर तेज रफ्तार में कार दौड़ाने लगे. परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक को कार की छत पर फंसाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक ले गए. राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास उसे नीचे गिरा दिया गया. आरोप है कि इसके बाद कार उसके ऊपर चढ़ा दी गई और आरोपी फरार हो गए.

परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल-
इसी दौरान वहां से गुजर रहे देवेंद्र सिंह चौहान ने घायल बीरू को पहचान लिया और उसके परिवार को जानकारी दी. परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. बुधवार दोपहर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक, बीरू के शरीर पर कई जगह चोटें थीं. कार की खिड़कियों में हाथ फंसे रहने के कारण उसकी उंगलियां भी बुरी तरह कुचल गई थीं.

12 कैमरों में कैद वारदात-
घटना के दो सीसीटीवी फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है. इनमें तेज रफ्तार से गुजरती कार की छत पर एक युवक फंसा दिखाई देता है. परिवार का दावा है कि पूरी वारदात आसपास लगे 12 से ज्यादा कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने बुधवार को हंगामा किया. उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद शुरुआत में एफआईआर दर्ज नहीं की गई.

पुलिस का क्या कहना है?
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि परिवार ने शुरुआत में हनुमंत विहार थाने में सड़क हादसे की शिकायत की थी. अब परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के मुताबिक, कार नंबर और आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पड़ताल की गई है. शुरुआती जांच में मोबाइल लोकेशन फतेहपुर के जहानाबाद में मिली है. आरोपियों की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement