पंजाब के कपूरथला स्थित कस्बे बेगोवाल के अधीन गांव जाबोवाल के एक युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है. मृतक की पहचान 28 वर्षीय गुरदीप सिंह पुत्र प्यारा लाल निवासी जब्बोवाल के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, गुरदीप सिंह करीब 13 साल पहले अपने परिवार के लिए आजीविका और बेहतर भविष्य की उम्मीद में अमेरिका गए थे. बताया जा रहा है कि अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के रिचमंड स्ट्रीट इलाके में गत रात पिज्जा डिलीवरी करते समय उन्हें किसी अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
गांव में शोक की लहर
मृतक के पिता प्यारा लाल भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि गुरदीप ने भारी कर्ज लिया था और अपने और अपने परिवार के उज्ज्वल भविष्य की आशा के साथ विदेश गया था. अमेरिका पहुंचने के बाद उसे काफी समय तक कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और अब वह अपने परिवार को अच्छे दिन दिखाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था. परिवार के मुताबिक, लूटपाट के इरादे से पिज्जा डिलीवरी के लिए जाते समय उसे गोली मारी गई. जैसे ही गुरदीप सिंह की मौत की खबर गांव जाबोवाल में पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पंजाब और भारत सरकार से मांग
परिवार ने पंजाब सरकार और भारत सरकार से गुरदीप सिंह के शव को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए जरूरी इंतजाम करने की अपील की है. इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी सरकार से संपर्क कर हत्या के अपराधियों को पकड़ने और कड़ी सजा देने के लिए हर संभव कदम उठाने की मांग की है. बताया जाता है कि गुरदीप सिंह अभी तक अविवाहित था. उनके पिता और भाई डीजे का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं. जवान बेटे की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है.