लखीमपुर खीरी में मंगलवार को एक स्कूल के अंदर प्रेम प्रसंग से जुड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई. सदर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास स्थित चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. क्लासरूम में मौजूद बच्चे दहशत में आ गए.
ब्रेकअप से नाराज था युवक
पुलिस के मुताबिक मृतक शिक्षिका की पहचान करीब 26 वर्षीय निशात फातिमा के रूप में हुई है. वह करीब एक साल से चिल्ड्रंस एकेडमी में पढ़ा रही थीं. वहीं युवक की पहचान करीब 27-28 वर्षीय मोहम्मद सऊद के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था. किसी बात को लेकर निशात फातिमा ने सऊद से ब्रेकअप कर लिया था. पुलिस के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर सऊद मंगलवार को बैग में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा.
पहले नीचे बुलाया, फिर दूसरी मंजिल पर ले गया
एसपी ख्याति गर्ग के मुताबिक सऊद स्कूल के ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचा और निशात से मिलने के लिए उसे नीचे बुलाया. इसके बाद दोनों सीढ़ियों के रास्ते दूसरी मंजिल पर स्थित कॉरिडोर की ओर चले गए. इसी दौरान स्कूल का एक स्टाफ भी उनके पीछे गया. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच बातचीत चल रही थी. इसी दौरान सऊद ने अपने बैग से तमंचा निकाला और निशात पर गोली चला दी. गोली लगने से शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद सऊद ने खुद को भी गोली मार ली.
बच्चों के सामने चली गोली, स्कूल में मची अफरा-तफरी
वारदात के वक्त स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे. गोली चलने की आवाज से बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई. स्कूल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लिया.
डीएम-एसपी समेत फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद लखीमपुर खीरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी ख्याति गर्ग भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़े पहलुओं पर और स्पष्टता आएगी.