Advertisement

Rajgarh News: राजगढ़ में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत! लड़की की जंगल में मिली सिर कटी लाश, प्रेमी की सड़क हादसे में मौत के बाद ऐसे खुला राज

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हो गया है. लापता नाबालिग लड़की की जंगल में सिर कटी लाश मिली है. जिस युवक पर नाबालिग को भगाकर ले जाने का संदेह था, उसकी की सड़क हादसे में मौत हो गई. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

Anurag alias Ankit (file photo)
पंकज शर्मा
  • राजगढ़ ,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:50 PM IST

मध्य प्रदेश राजगढ़ में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सात दिन से लापता नाबालिग का शव मलावर थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ है. जिस युवक पर नाबालिग को भगाकर ले जाने का संदेह था, उस युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है. इसके बाद पुलिस ने साइबर इन्वेस्टिगेशन, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के जरिए जांच आगे बढ़ाई. पुलिस टीम जंगल तक पहुंची, जहां नाबालिग का सिर कटा शव बरामद हुआ. घटनास्थल से आरी और पेड़ पर लटकी रस्सी भी मिली है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

30 सितंबर को दर्ज हुई थी अपहरण की रिपोर्ट
मामला 30 सितंबर 2026 का है. राजगढ़ कोतवाली में 17 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. परिजनों ने जामोन्या गणेश निवासी अनुराग उर्फ अंकित पर नाबालिग को अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. इसी दौरान जानकारी मिली कि मलावर थाना क्षेत्र के पगारी बंग्ला के पास अनुराग उर्फ अंकित की बाइक ट्रक से टकरा गई है और इस हादसे में अनुराग की मौत हो गई है.

कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन ने खोला रास्ता
नाबालिग की तलाश के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीक, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच में युवक की लोकेशन मलावर थाना क्षेत्र के जंगल में मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल में सर्चिंग की, जहां करीब सात दिन से लापता नाबालिग का शव बेहद खराब हालत में बरामद हुआ. घटनास्थल से पुलिस को एक आरी मिली. वहीं एक पेड़ पर रस्सी भी लटकी हुई मिली.  पुलिस इन सभी साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

रिश्तेदार से पूछताछ में सामने आई अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस अनुराग उर्फ अंकित के एक रिश्तेदार तक पहुंची. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि अनुराग नाबालिग को लेकर जंगल की तरफ गया था. बाद में लौटकर उसने कथित तौर पर बताया कि उसने लड़की को मार दिया है और अब वह जा रहा है. इसके कुछ समय बाद ही अनुराग की सड़क हादसे में मौत हो गई.

प्रेम संबंध की बात सामने आई, हत्या की वजह अब भी जांच में
पुलिस जांच में अनुराग और नाबालिग के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि अनुराग उर्फ अंकित पहले करेड़ी क्षेत्र से नाबालिग को अपने साथ ले गया था. हालांकि जंगल में नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या की वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है.

प्रत्यक्षदर्शी नहीं, साक्ष्यों के सहारे जांच
मामले में फिलहाल कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है. पुलिस ने पहले अपहरण की रिपोर्ट और युवक की सड़क दुर्घटना के मर्ग से जांच शुरू की थी. अब नाबालिग का शव मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है. इस पूरे मामले में राजगढ़ थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि युवती के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था. साइबर इन्वेस्टिगेशन और सीसीटीवी के जरिए युवक की लोकेशन मलावर थाना क्षेत्र में मिली. जिस युवक पर युवती को भगाकर ले जाने का संदेह था, उसी दिन उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई. इसके बाद युवती का शव जंगल से बरामद हुआ है. मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की पड़ताल की जा रही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement