Advertisement

Lucknow Double Murder: यूपी में दिल दहला देने वाला मामला! 55 वर्षीय शख्स ने पत्नी और बेटी को मार डाला, यहां जानिए हत्या की वजह 

लखनऊ के कृष्णानगर में पारिवारिक विवाद के चलते दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है. आरोप है कि रविन्द्र शंकर साहू ने अपनी पत्नी श्यामदुलारी और बेटी पूजा को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं. दोनों के गहरी नींद में सोने के बाद उसने मोबाइल चार्जर की डेटा केबल से उनका गला घोंट दिया.

Pooja and Shyamdulari (File Photo)
अंकित मिश्रा
  • लखनऊ,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:55 PM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पारिवारिक कलह और शक के चलते 55 वर्षीय एक शख्स ने अपनी ही पत्नी और 32 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले दोनों को नींद की गोलियां मिलाकर चाय पिलाई और जब वे गहरी नींद में सो गईं, तो मोबाइल चार्जर के डेटा केबल से गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

घर में रोजाना होते थे झगड़े 
पुलिस के अनुसार, घटना भोलाखेड़ा मानसनगर की है. आरोपी रविन्द्र शंकर साहू (55) के परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोपी की पांच संतानों में सबसे बड़ी बेटी पूजा (32) के दो विवाह पहले टूट चुके थे. आरोप है कि हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित संबंधों को लेकर घर में रोजाना झगड़े होते थे. पत्नी श्यामदुलारी (55) भी इन विवादों को लेकर पति और बेटी पर आरोप लगाती थी. इससे तंग आकर आरोपी ने दोनों को रास्ते से हटाने की साजिश रची. 

कबूल किया जुर्म 
पूछताछ में आरोपी रविन्द्र शंकर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए खौफनाक साजिश का खुलासा किया. उसने बताया कि वारदात वाली रात उसने चुपके से चाय में नींद की गोलियां मिला दीं. जब पत्नी और बेटी बेहोशी जैसी गहरी नींद में चली गईं, तब उसने मोबाइल चार्जर के डेटा केबल से पहले पत्नी श्यामदुलारी का गला कसा और फिर बेटी पूजा की जान ले ली. दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जुर्म कुबूलते हुए माफी की गुहार भी लगाई.

दूसरी बेटी ने दी वारदात की सूचना 
वारदात की सूचना आरोपी की दूसरी बेटी प्रिया साहू ने कृष्णानगर थाने को दी. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल मोबाइल चार्जर की डेटा केबल और दरवाजे के कुंडे भी बरामद कर लिए हैं. विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement