यूपी की राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. जांच में सामने आया है कि श्रद्धा सिर्फ मॉडलिंग तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसका सीधा ताल्लुक अंडरवर्ल्ड, हिस्ट्रीशीटरों से था.
श्रद्धा का गैंगस्टर कनेक्शन-
पुलिस जांच के मुताबिक, श्रद्धा का काम करने का तरीका बेहद शातिर था. वह पहले बड़े अपराधियों और गैंगस्टरों से नजदीकी बढ़ाती, फिर उनके रसूख और नेटवर्क का इस्तेमाल आम लोगों को डराने-धमकाने में करती थी. इतना ही नहीं, वह खुलेआम मुख्तार अंसारी गैंग से सीधे संपर्क का दावा कर लोगों पर धौंस जमाती थी और बात न मानने पर गैंग के गुर्गों से फोन करवाकर धमकियां दिलवाती थी.
हिस्ट्रीशीटर के साथ श्रद्धा की तस्वीर वायरल-
जांच की आंच अब मड़ियांव इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह उर्फ बाबू तक पहुंच चुकी है, जिसे मुख्तार अंसारी गैंग का करीबी गुर्गा माना जाता रहा है. सोशल मीडिया पर श्रद्धा और बाबू सिंह की तस्वीरें वायरल हैं. सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने बाबू के आपराधिक नेटवर्क को अपनी ढाल बनाया हुआ था. हालांकि, किसी भी अपराधी से उसका यह गठबंधन ज्यादा दिन नहीं टिकता था और काम निकलते ही वह दूरी बना लेती थी.
खौफनाक है बाबू सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड-
बाबू सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद खौफनाक रहा है. दिसंबर 2020 में जेल में बंद बाबू की जमानत कराने के लिए उसके गुर्गों ने टेंट कारोबारी विवेक कुमार रावत को किडनैप कर लिया था. कारोबारी को ढाई घंटे तक बंधक बनाकर पीटा गया, कथित तौर पर थूक चटवाया गया और पिस्टल की बट से हमला कर फिरौती मांगी गई थी. श्रद्धा इसी खौफनाक नेटवर्क के दम पर अपना सिक्का चला रही थी.
जुल्फिकार के साथ भी श्रद्धा की तस्वीर वायरल-
बाबू सिंह के अलावा श्रद्धा की जुल्फिकार नाम के व्यक्ति के साथ भी तस्वीर सामने आई है. जुल्फिकार पर 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में श्रद्धा जुल्फिकार के साथ नजर आ रही है. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वसूली रैकेट चलाने का आरोप-
श्रद्धा पर वसूली का एक संगठित रैकेट चलाने का भी आरोप है. वह पहले लोगों से दोस्ती गांठती, फिर उन्हें अपने घर बुलाती थी. इसके बाद उन पर घर में चोरी का झूठा आरोप लगाकर केस दर्ज कराने की धमकी देती और मोटी रकम ऐंठती थी. आरोप यह भी हैं कि वह पीड़ितों की निजी तस्वीरें और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करती थी. जब कोई उससे पीछा छुड़ाना चाहता, तो वह तस्वीरों के जरिए कानूनी और सामाजिक बदनामी का डर दिखाती थी.
हत्याकांड के बाद से फरार चल रही श्रद्धा दुबे की लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस अब उसके संपर्क में रहे हिस्ट्रीशीटरों और मददगारों की लिस्ट खंगाल रही है. पुलिस टीम बहुत जल्द अपराधियों से पूछताछ कर सकती है, ताकि श्रद्धा के छिपने के ठिकानों का पता लगाकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके.
ये भी पढ़ें: