Advertisement

Lucknow: 5 साल से घर में चोरी कर रहा था नौकर, पुलिस के सामने 40 लाख की चोरी का खोला राज

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कारोबारी के घर में नौकर 5 सालों से चोरी कर रहा था. लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी. लेकिन इस बार मालिक को शक हुआ तो उन्होंने 5 लाख रुपए की चोरी की शिकायत पुलिस में की. पुलिस ने जब नौकर से पूछताछ तो वो भी हैरान रह गई. नौकरी ने 5 सालों में 40 लाख रुपए चोरी करने का जुर्म कबूला.

Thief Servant (Photo/Meta AI)
gnttv.com
  • लखनऊ,
  • 18 जुलाई 2025,
  • अपडेटेड 7:00 PM IST

राजधानी लखनऊ के जॉपलिंग रोड स्थित एक पॉश अपार्टमेंट में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी के घर से चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पिछले पांच साल से खाना बनाने का काम कर रहे नौकर ने मालिक के घर से चुपचाप 40 लाख रुपये पार कर दिए. शुरुआत में कारोबारी को पांच लाख रुपये की चोरी का शक हुआ, लेकिन जब नौकर से पूछताछ हुई तो पूरी कहानी सामने आई.

कारोबारी को घर में 5 लाख की चोरी का शक-
हजरतगंज पुलिस ने बताया कि शालीमार ग्रैंड अपार्टमेंट निवासी कारोबारी संदीप ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर से पांच लाख रुपये चोरी हो गए हैं. उन्हें शक था कि यह हरकत उनके नौकर नीरज चौरसिया की है, जो दुबग्गा का रहने वाला है. गुरुवार को संदीप ने जब नीरज की तलाशी ली तो उसके पास से 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पूछताछ में सामने आया हैरान करने वाला राज-
हजरतगंज के एसीपी विकास जायसवाल ने बताया कि पुलिस पूछताछ में नीरज ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि उसने सिर्फ पांच लाख नहीं, बल्कि बीते पांच वर्षों में मालिक के घर से करीब 40 लाख रुपये चोरी किए हैं. आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी के इन रुपयों से उसने जमीन और अन्य प्रॉपर्टी खरीदी है.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 7.56 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा उसकी संपत्तियों और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है.

पुलिस सत्यापन नहीं कराना पड़ा भारी-
जांच में यह भी सामने आया है कि कारोबारी संदीप ने नीरज को नौकरी पर रखने से पहले उसका कोई पुलिस सत्यापन नहीं कराया था. फिलहाल पुलिस नीरज के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है.

इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है. लोगों के बीच चर्चा है कि एक नौकर ने पांच साल तक अपने ही मालिक को चुपचाप चूना लगाया और किसी को भनक तक नहीं लगी. हजरतगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

(अंकित मिश्रा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement