Advertisement

Madhya Pradesh News: मैहर में 'खूनी इश्क' का खौफनाक अंत! प्रेमिका के पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी ने रची मौत की साजिश, शराब पार्टी के बाद की हत्या

मैहर के अमरपाटन में एक युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. युवक की हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने साथियों के साथ मिलकर की थी. प्रेमी ने अवैध संबंधों में बाधा बनने पर प्रेमिका के पति को पार्टी के बहाने बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर मार डाला. यहां आप जान सकते हैं पूरा मामला. 

Lover Kills Girlfriend's Husband
gnttv.com
  • सतना,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:56 PM IST

मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र पडक्का में एक युवक की हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. 23 वर्षीय राजभान कोल की हत्या का राज फाश करते हुए पुलिस ने बताया कि इस खौफनाक वारदात को मृतक की पत्नी के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दिलीप पटेल उर्फ कल्लू और उसके एक साथी जितेन्द्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं.

इलाके में मच गया था हड़कंप
यह घटना 3 अप्रैल 2026 की शाम की है, जब राजभान कोल एक फोन कॉल आने के बाद घर से निकला और लापता हो गया. अगले दिन पडक्का इंडस्ट्रियल एरिया में उसकी लहूलुहान लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक के शरीर पर चोट के निशान और गला रेता होना क्रूरता की गवाही दे रहा था. अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते के नेतृत्व में साइबर सेल और पुलिस टीम ने जब बारीकी से जांच शुरू की, तो संदेह की सुई मृतक की पत्नी साधना के पुराने संबंधों की ओर घूमी. हिरासत में लिए गए दिलीप पटेल ने मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने घुटने टेक दिए और पूरी साजिश बयां कर दी.

शादी से पहले से था प्रेम संबंध 
पुलिस पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी दिलीप और साधना के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध था, जो साधना की शादी के बाद भी गुपचुप तरीके से चलते रहे. जब राजभान को अपनी पत्नी और दिलीप के रिश्ते पर शक हुआ और वह उनके मिलन में बाधा बनने लगा, तो दिलीप ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया. साजिश के तहत राजभान को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया. नशे में धुत होने के बाद आरोपियों ने पहले उसे बुरी तरह पीटा, फिर पत्थर से सिर कुचलने के बाद कांच की बोतल से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

तीन आरोपी अभी हैं फरार
पुलिस अधिकारी आशुतोष प्रताप सिंह (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मैहर) ने बताया कि गत 3 अप्रैल को हत्या की सूचना अमरपाटन क्षेत्र में, जो पडक्का औद्योगिक क्षेत्र है, वहां पर प्राप्त हुई थी. जहां एक अज्ञात लाश मिली थी और जिसकी पहचान बाद में मृतक राजभान कोल के रूप में हुई थी. हमारी पूरी टीम ने कार्रवाई करते हुए इस हत्या का खुलासा कर दिया है. कहानी जो सामने आई है, वह यह है कि राजभान कोल की पत्नी का एक प्रेमी दिलीप पटेल था. दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार बातचीत होती थी. और भी कई माध्यम से दोनों एक-दूसरे से संपर्क में रहते थे. दिलीप पटेल ने प्रेमिका का पति बाधा न बने इसलिए अपने साथियों के साथ मिलकर राजभान कोल की हत्या कर दी. मुख्य आरोपी दिलीप पटेल और उसके एक साथी को पकड़ लिया गया है. तीन आरोपी अभी फरार हैं. तीनों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार हमारी टीम छापेमारी कर रही है. शीघ्र हम उन्हें भी गिरफ्तार कर लेंगे. 

(वेंकटेश द्विवेदी की रिपोर्ट)


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement