Advertisement

Mandsaur News: चॉकलेट लेने पर मां ने डांटा... तो बदले की भावना में नाबालिग लड़की ने 4 साल के बच्चे को पानी की टंकी में धकेला, बुझ गया घर का इकलौता चिराग

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां सिर्फ एक चॉकलेट की डांट का बदला लेने के लिए एक 12 साल की नाबालिग लड़की ने 4 साल के मासूम को पानी की टंकी में धकेल कर मार डाला. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

चॉकलेट के विवाद में बच्चे को पानी की टंकी में धकेला.
अजय बाड़ोलिया
  • मंदसौर ,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:10 PM IST

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ की पंजाबी कॉलोनी में साढ़े चार साल के कृष्णपाल उर्फ बाबू की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जानकारी के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले चॉकलेट को लेकर बाबू की मां ने पड़ोस में रहने वाली साढ़े 12 साल की नाबालिग लड़की को बाबू कि चॉकलेट लेने की वजह से डांट दिया था. इसी बात की खुन्नस में 24 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे चॉकलेट देने के बहाने पड़ोसी लड़की ने बाबू को अपने घर बुलाया और अपने घर मे बने पानी की टंकी में धकेल दिया. इतना ही नहीं, आरोप है कि टैंक के ढक्कन पर पत्थर भीं रख दिया. इधर, लापता होने पर परिजन मासूम को तलाशते रहे लेकिन बाबू नही मिला. जब पुलिस ने संदेह के आधार पर आसपास के घर की जांच की तो उसी पड़ोसी के घर में बनी पानी की टंकी से बाबू का शव बरामद हुआ, जिसको बाबू की मां ने चॉकलेट को लेकर कुछ दिन पहले डांटा था.

बालिका को बाल संप्रेशण गृह भेज दिया गया
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नाबालिग ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की ओर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपी नाबालिग बालिका से लिए बयान में भी इस बात की पुष्टि हुई की बाबू को पानी के टेंक में धकेल कर ऊपर से ढक्कन लगाया था. नाबालिग लड़की पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी बालिका को बाल संप्रेशण गृह भेज दिया गया.

तीन बहनों का इकलौता भाई था बाबू 
पानी की  टंकी में मृत बाबू को देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए. इस घटना में मार्मिक पहलु यह भी है की बाबू तीन बहनों का इकलौता भाई था, जिस घर में गूंजती थी किलकारियां, वहां अब सन्नाटा पसरा है.  इस घटना को सुनकर हर किसी की आंखें नम थीं. घटना के बाद बाबू के माता-पिता अपने घर पर ताला लगाकर आगरा चले गए हैं. वे पानी पतासे का ठेला लगाकर परिवार चलाते थे. उधर, जिस घर की पानी की होद से मासूम का शव मिला, उसे पुलिस ने सील कर दिया है. आरोपी नाबालिग का परिवार भी फिलहाल वहां से चला गया है. 

...तो हमें ध्यान देने की है जरूरत
पुलिस ने इस घटना के संदर्भ में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल और उनके देखे जाने वाले कंटेंट पर ध्यान देने की जरूरत बताई है. साथ ही, बच्चों को डांटने के तरीके और उनके मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने की बात भी कही है. यह मामला अभिभावकों के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा करता है. क्या हम बच्चों के व्यवहार, उनकी भावनाओं और उनके मन में चल रही बातों को समझने के लिए पर्याप्त समय दे रहे हैं. साढ़े चार साल के बाबू की मौत की यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि बच्चों की परवरिश, भावनात्मक समझ और उनकी गतिविधियों पर जिम्मेदारी से ध्यान देने की जरूरत की भी याद दिलाती है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement