Advertisement

गर्लफ्रेंड की कराई दूसरी जगह शादी तो भड़का दोस्त, फिर कर दिया कांड

यूपी के मेरठ में एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. एक शख्स की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि उसने अपने दोस्त की गर्लफ्रेंड की शादी किसी दूसरे युवक से करा दी थी. इससे गुस्साए दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. एक आरोपी फरार चल रहा है.

Meerut News
उस्मान चौधरी
  • मेरठ,
  • 27 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 1:22 PM IST

उत्तर प्रदेश में मेरठ के हस्तिनापुर के सरवर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, सरवर की हत्या उसके दोस्त राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी. राहुल की प्रेमिका की शादी सरवर ने अपने गांव में किसी दूसरे युवक से करा दी थी. राहुल को इस बात की जानकारी थी कि सरवर उसके और युवती के संबंधों से परिचित था. इसी रंजिश में राहुल ने सरवर को होटल के कमरे में ले जाकर गोली मार दी. हत्या के बाद शव को बेडशीट में बांधकर मध्य गंग नहर में फेंक दिया गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल समेत होटल मालिक और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक साथी अभी फरार है. 

बाइक लेकर घर से निकला था, वापस नहीं लौटा-
हस्तिनापुर के बस्तौरा नारंग गांव निवासी सरवर 16 अगस्त को अपने साथी राहुल के साथ मोटरसाइकिल से घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. 23 अगस्त को हापुड़ के नानपुर क्षेत्र स्थित रजवाहे में गोली लगा शव बरामद हुआ. पहचान सरवर के रूप में होने के बाद उसके भाई रुस्तम की तहरीर पर हस्तिनापुर थाने में राहुल और नज़ाकत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.

होटल में हत्या, नहर में फेंका शव-
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल 16 अगस्त को सरवर को गढ़ चौपला (स्याना चौराहा) के पास स्थित रॉबिन के होटल में लेकर पहुंचा था. होटल के कमरे में राहुल ने सरवर की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को होटल की बेडशीट में बांधकर मध्य गंग नहर में फेंक दिया गया.

जांच में यह भी सामने आया कि होटल मालिक रॉबिन और मैनेजर ओमेन्द्र को घटना की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी. आरोप है कि कमरे में मौजूद खून आदि को साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया गया.

3 आरोपी गिरफ्तार-
थाना हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने चेकिंग के दौरान राहुल को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सैमसंग मोबाइल फोन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई. राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने होटल मालिक रोबिन निवासी झड़ीना, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और होटल मैनेजर ओमेन्द्र निवासी लोधीपुर झपका, थाना गढ़मुक्तेश्वर को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बेडशीट के रंग से मिलता-जुलता तकिये का कवर भी बरामद किया है.

एक आरोपी फरार-
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. राहुल का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है. वही एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement