Advertisement

मेरठ जेल की एक बैरक में बंद हैं पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 5 महिलाएं, किसी ने पति को सांप से डंसवाया तो किसी ने काट के नीले ड्रम में भर पैक कर दिया

ब्रह्मपुरी क्षेत्र की रहने वाली मुस्कान पर आरोप है कि उसने मार्च 2025 में अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरव राजपूत की हत्या की. आरोप है कि शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया गया. इसके बाद दोनों घूमने चले गए.

Meerut Murder Cases
उस्मान चौधरी
  • मेरठ,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:42 AM IST

मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार इन दिनों एक अनोखे संयोग की वजह से चर्चा में है. जेल की बैरक नंबर 12ए और 12बी में ऐसी पांच महिलाएं बंद हैं, जिन पर अपने-अपने पतियों की हत्या का आरोप है. किसी पर प्रेमी के साथ मिलकर पति के शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से भरने का आरोप है, तो किसी पर जहरीले सांप से डसवाकर हत्या कराने का. सभी मामलों की सुनवाई अदालत में चल रही है, लेकिन जेल के भीतर इन महिलाओं की जिंदगी अब पूरी तरह बदल चुकी है.

बैरक नंबर 12 में बंद हैं पांच चर्चित आरोपी महिलाएं
जेल प्रशासन के अनुसार, पति की हत्या के अलग-अलग मामलों में न्यायिक हिरासत में बंद इन पांच महिलाओं को बैरक नंबर 12ए और 12बी में रखा गया है. इनमें सबसे चर्चित नाम मुस्कान और दामिनी का है. दोनों के मामले पूरे प्रदेश में सुर्खियां बन चुके हैं.

नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान
ब्रह्मपुरी क्षेत्र की रहने वाली मुस्कान पर आरोप है कि उसने मार्च 2025 में अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरव राजपूत की हत्या की. आरोप है कि शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया गया. इसके बाद दोनों घूमने चले गए.

करीब 17 महीने से जेल में बंद मुस्कान से मिलने अब तक उसका कोई परिजन नहीं पहुंचा. जेल में नवंबर 2025 में उसने एक बेटी को जन्म दिया. बच्ची उसके साथ ही रहती है, इसलिए उसे कोई जेल कार्य नहीं दिया गया है. जेल प्रशासन के मुताबिक वह धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेती है और सुंदरकांड व रामायण पाठ में शामिल होती है. इस मामले में 22 गवाहों के बयान पूरे हो चुके हैं और अगस्त में अदालत का फैसला आने की संभावना जताई जा रही है.

दामिनी: सांप से कटवाने का आरोप
हाल ही में जेल पहुंची दामिनी पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर पति अतुल की हत्या की. पुलिस के अनुसार, पहले पति को नींद की गोलियां दी गईं और फिर जहरीले सांप से डंसवाया. जेल में शुरुआती दिनों में दामिनी काफी उदास रही. वह अपने छह साल के बेटे को याद कर रो पड़ती है. पढ़ी-लिखी होने के कारण उसने लाइब्रेरी में काम करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे वहीं की जिम्मेदारी दी गई है. उसका प्रेमी भी मेरठ जेल में बंद है, लेकिन जेल नियमों के कारण दोनों की मुलाकात नहीं हो सकती.

रविता, कोमल और अंजलि भी ट्रायल का कर रही हैं इंतजार
बहसूमा की रहने वाली रविता पर आरोप है कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के बाद शव पर सांप रखकर मौत को हादसा दिखाने की कोशिश की. वह जेल में खाना बनाने और सफाई का काम करती है.

इचौली क्षेत्र की कोमल पर बीएसएफ जवान पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. जेल में वह रसोई और सिलाई का काम करती है. जेल प्रशासन के अनुसार, काउंसलिंग के दौरान वह कई बार अपने किए पर पछतावा जता चुकी है.

वहीं, परीक्षितगढ़ की अंजलि पर प्रेमी के जरिए पति राहुल की हत्या कराने का आरोप है. तीन बच्चों की मां अंजलि जेल में सफाई और सिलाई का काम करती है. खाली समय में वह धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होती है और पढ़ना-लिखना सीख रही है.

जेल के नियमों के कारण प्रेमियों से मुलाकात नहीं
जेल प्रशासन के अनुसार, जेल मैनुअल के तहत केवल कानूनी रिश्तेदार या पति-पत्नी ही मुलाकात कर सकते हैं. इसी वजह से दामिनी और तुषार तथा मुस्कान और साहिल आमने-सामने नहीं मिल सकते. उनकी बातचीत केवल अदालत में पेशी या अन्य कानूनी प्रक्रिया के दौरान ही संभव हो पाती है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement