उत्तर प्रदेश में मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी के मोबाइल में एक युवक का आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद पति घर छोड़कर चला गया. जाते समय उसने सोशल मीडिया पर लाइव जैसी वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ खाया और अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी को ठहराते हुए कहा कि उसकी लाश को हाथ न लगाया जाए. घटना के 11 दिन बाद पत्नी ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस पति की तलाश में जुट गई है.
गायब होने के 11 दिन बाद पत्नी ने कराई FIR-
दरअसल मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पांडव नगर में रहने वाली एक महिला सुनीता देवी गुरुवार को थाने पहुंची और अपने पति की गुमशुदगी दर्ज कराई. महिला ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली है और अपने पति व दो बच्चों के साथ पांडव नगर में रहती है. उसका ड्राइविंग का काम करता है.
पत्नी के फोन में दूसरे युवक का वीडियो देखकर चला गया पति-
महिला के अनुसार 19 जुलाई को उसके पति ने उसके मोबाइल फोन में एक युवक का आपत्तिजनक (नग्न अवस्था का) वीडियो देख लिया था. इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद वह काम पर चली गई. इसी दौरान पति घर से निकल गया.
सुनीता का आरोप है कि घर से निकलने के बाद उसके पति ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह जहरीला पदार्थ खाते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी को बताया और कहा कि मेरी लाश को हाथ मत लगाना. इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है और उसका कोई सुराग नहीं लग सका.
11 दिन बाद भी उनका कोई पता नहीं- पत्नी
महिला का कहना है कि उसने रिश्तेदारों और परिचितों समेत कई जगह पति की तलाश की, लेकिन 11 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद उसने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस से पति को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई.
वायरल वीडियो में युवक जहरीला पदार्थ खाते हुए दिखाई दे रहा है. हालांकि उसकी वर्तमान स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
पुलिस का क्या कहना है?
वहीं, इस मामले में सीओ सिविल लाइन विश्वज्योति राय ने बताया कि एक महिला द्वारा अपने पति के गुमशुदा होने के संबंध में सूचना दी गई है. गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है. जांच की जा रही है आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे. उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी थाना सिविल लाइन का मामला है.
ये भी पढ़ें: