Advertisement

नील ड्रम कांड में मिली फांसी, पति को सांप से डसवाने वाली पत्नी को क्या मिलेगी सजा?

यूपी के मेरठ में आज अमित कश्यप हत्याकांड में सजा का ऐलान होगा. पत्नी रविता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अमित की हत्या की थी और कमरे में सांप रख दिया था, ताकि सांप डसने से मरने की अफवाह फैलाई जा सके. लेकिन पुलिस ने मामले में असली गुनहगारों को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट ने दोनों को दोषी करार दिया है. अब कोर्ट दोनों को सजा सुनाएगा.

Meerut Murder Case
उस्मान चौधरी
  • मेरठ,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:01 PM IST

उत्तर प्रदेश में मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को अदालत ने हत्या का दोषी करार दिया है. 7 अक्टूबर को अपर जिला जज कोर्ट संख्या-12 ने दोनों के खिलाफ फैसला सुनाया था. अब आज यानी 16 अक्टूबर को अदालत दोनों की सजा तय करेगी. करीब 17 महीने से जेल में बंद दोनों दोषियों की सजा को लेकर लोगों की निगाहें अदालत पर टिकी हैं.

घर में मिली थी लाश-
अभियोजन के अनुसार, रविता और गांव के पड़ोसी अमरदीप के बीच प्रेम प्रसंग था. अमरदीप का अमित के घर आना-जाना था और वह उसके साथ काम भी करता था. आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित की हत्या की साजिश रची. 12 अप्रैल 2025 को अमित घर में मृत मिला था. उस समय उसके शव के पास सांप मिलने से मौत को सर्पदंश का मामला समझा गया. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया.

प्रेम प्रसंग में हत्या-
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया था और अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अमित की मौत सांप के डसने से नहीं, बल्कि दम घुटने के कारण होने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की. जांच में रविता और अमरदीप के कथित प्रेम संबंध सामने आए. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

सपेरे को बनाया सरकारी गवाह-
विवेचना के दौरान उस व्यक्ति से भी पूछताछ की गई, जिस पर कथित तौर पर सांप उपलब्ध कराने का आरोप था. पुलिस ने उसे मामले में सरकारी गवाह बनाया. अभियोजन पक्ष ने अदालत में साक्ष्य पेश कर आरोपियों पर हत्या की साजिश रचने और घटना को सर्पदंश का रूप देने का आरोप साबित करने का प्रयास किया. सुनवाई पूरी होने के बाद सात अक्टूबर को अदालत ने रविता और अमरदीप को हत्या का दोषी करार दिया.

मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और साहिल को मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद अब अमित कश्यप हत्याकांड में सजा को लेकर भी चर्चा है. हालांकि, दोनों मामले अलग-अलग हैं और अमित हत्याकांड में अदालत शुक्रवार को सजा पर फैसला सुनाएगी. अब देखना होगा कि अदालत दोषी करार दिए गए रविता और अमरदीप को क्या सजा सुनाती है.

ये भी पढ़ें:


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement