उत्तर प्रदेश में मेरठ के कंकरखेड़ा में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता के बेटे प्रवल ने पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान होकर सुसाइड कर लिया. शादी की सालगिरह से 1 दिन पहले ही प्रवल ने आत्मघाती कदम उठाया और मरने से पहले एक वीडियो भी बना कर अपनी पत्नी और उसके परिवारवालों पर धमकी देने और उत्पीड़न से परेशान होकर जान देने की बात कही. पटेल पुरी निवासी राजीव गुप्ता बीजेपी कंकरखेड़ा मंडल उपाध्यक्ष है. उनका बेटा प्रवल गाजियाबाद में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था. एक साल पहले ऋषि नगर निवासी स्नेहा से प्रवल की शादी हुई थी. पिछले कुछ माह से प्रवल और स्नेहा के बीच विवाद चल रहा था. बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद भाजपा नेता कि तबीयत बिगड़ गई.
पत्नी की धमकी, पति ने की सुसाइड-
बताया जा रहा है कि शनिवार को प्रवल और परिवारवालों को पुलिस लाइन में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था. आरोप है कि पत्नी लगातार जेल भेजने आने की धमकी दे रही थी. इन बातों से परेशान हो कर प्रवल ने रविवार दोपहर करीब 12:00 बजे जहरीला प्रदार्थ पी लिया. बेहोशी की हालत में कैंट क्षेत्र में दोपहर को प्रवल पड़े मिले. मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद परिवारवालों को सूचना दी. प्रवल को कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया. लेकिन इलाज के दौरान रात करीब 9:30 बजे प्रवल की मौत हो गई. बेटे की मौत की खबर सुनते ही राजीव गुप्ता को गहरा सदमा लगा और उन की तबीयत बिगड़ गई.
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो-
प्रवल ने वीडियो में बताया कि मैं आज अपनी जीवन लीला समाप्त करने जा रहा हूं. इतने बड़े फैसले के पीछे मेरा मुख्य कारण मेरी पत्नी स्नेहा गुप्ता और उसका परिवार है. उन्होंने बताया कि उनकी शादी 2 नवंबर 2025 को हुई थी. कल मेरी फर्स्ट एनिवर्सरी है. शादी के बाद से ही मुझे मेंटल टार्चर करना शुरू कर दिया है. पत्नी और उसके परिवारवालों के द्वारा. वीडियो में उन्होंने बताया कि उनकी एक पुत्री तीन माह की है. प्रवल ने आरोप लगाया कि मेरी पत्नी, मेरी मां के साथ भी मारपीट करती थी. सारी प्रॉपर्टी अपने नाम करना चाहती थी. सितंबर महीने में मैं अपनी पत्नी को वापस लेकर के आया था. जिसके बाद मेरा एक्सीडेंट हो गया था. 13 सितंबर को लाया था और 25 सितंबर को मेरा एक्सीडेंट हो गया. पत्नी कच्ची रोटियां देती थी. मुझे अपने घर से अलग रखना चाहती थी और मैं घर वापस आ गया था. इसलिए वह बखेड़ा करती थी.
मारपीट और गाली-गलौज करती थी- प्रवल
प्रवल ने वीडियो में बताया कि मैं अपने मां-बाप का इकलौता बेटा हूं. मैंने कहा था कि जल्दी में कोई दूसरी नौकरी ढूंढ लूंगा. लेकिन वह नहीं मान रही थी. 31 अक्टूबर को परिवार परामर्श केंद्र में हमारा पहली डेट थी, जहां पर मेरी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए कि मैं नशा करता हूं, मारता पीटता हूं, गाली गलौज करता हूं. जो भी आरोप मेरी पत्नी ने मेरे और मेरे परिवार के ऊपर लगाए हैं, मैं सबका खंडन करता हूं. मेरी पत्नी मेरे साथ गाली गलौज मारपीट करती थी. मैं अपनी सारी सैलरी उसके हाथ में रखता था.
मां पर हाथ उठाया, बहन से बदतमीजी की- प्रवल
वीडियो में प्रवल कहता है कि मेरे माता-पिता के साथ हमेशा हो दुर्व्यवहार करती है. मेरी मां के ऊपर उसने हाथ उठाया. मेरी बहन और मेरी मां कुछ समय मेरे घर आई थी तो मेरी बहन से भी उसने बदतमीजी की. मेरी बहन के चरित्र पर उंगली तक उसने उठाई. मेरी पत्नी का जो पास्ट है, मैंने उसको जानकर भी उससे कहा कि मैं उनसे शादी करूंगा. जबकि मेरी पत्नी कहती थी कि मैं तुम्हारे लायक नहीं हूं. मेरा सरकार से निवेदन है कि मेरी पत्नी स्नेहा गुप्ता और उसके परिवार के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जाए.
आज के दिन ही बारात लेकर गया था- पिता
वहीं, इस मामले में पिता राजीव गुप्ता दर्द भरी आवाज से कहते हैं कि आज के दिन ही मैं अपने बेटे की बारात लेकर के गया था. लेकिन आज उसकी आज ही के दिन 1 साल पूरा होने वाला है. मैं दूसरी बारात उसकी लेकर गया हूं. आज वह लोग भी शामिल हुए थे. जिनको मैंने बुलाया नहीं था.
बहू घंटों मोबाइल पर बात करती थी- मां
मां किरन गुप्ता कहती है कि मैं चाहती हूं, सबको सजा मिले. बहू की चाहत अलग रहने की थी. लगातार वह अलग रहने का ही दबाव बना रही थी. बेटा जब मनाने गया तो वह नहीं मानी. बेटे ने कहा कि मैं मर जाऊंगा तो उसने कहा- मर जाओ. मेरे बेटे ने जहरीला प्रदार्थ खा लिया और वह मर गया. मां कहती है कि बहू घर का कोई काम नहीं करती थी. कुंडी लगाकर घंटों-घंटों मोबाइल पर बात करती थी. मेरे बच्चे ने वीडियो बनाया और उम्र कैद की सजा मांगी है. बाकी जो कानून सजा दे, वह सजा मिलनी चाहिए. मैं उसकी बेटी को अपने पास रखना चाहती हूं. मैं अपना सब कुछ दांव पर लगा दूंगी.
पुलिस का क्या कहना है?
इस मामले में सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि 1 नवंबर 2026 को थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र की चौकी पर एक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक द्वारा कुछ पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया गया है. इसके बाद तुरंत उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में उसकी कुछ देर बाद मृत्यु हो गई. जांच के क्रम में यह ज्ञात हुआ कि इस युवक की शादी एक वर्ष पहले हुई थी और इसका इसकी पत्नी से मतभेद चल रहा था. जिसके उपरांत परिवार परामर्श केंद्र पुलिस लाइन में काउंसलिंग चल रही थी. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. शीघ्र ही इस प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: