उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक लड़की का निकाह तय था. शादी के लिए सारी तैयारी कर ली गई ती. दुल्हन के हाथों में मेहंदी सज गई थी. दुल्हन का जोड़ा भी तैयार था. मेहमानों के लिए सारी तैयारी कर ली गई थी. घर में बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी. लेकिन समय बीतता गया और बारात का इंतजार लंबा खिंचता गया. ना बारात आई और ना ही दूल्हा आया. लेकिन ऐसा क्यों हुआ? इसका जवाब किसी के पास नहीं था. मामला थाने तक पहुंच गया और दूल्हे के खिलाफ तहरीर दी गई.
ना बारात आई, ना दूल्हा-
मामला मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर का है, जहां की रहने वाली युवती का रिश्ता देहली गेट थाना क्षेत्र के रहने वाले आरिफ पुत्र शाहिद के साथ हुआ था. शादी के दिन लड़की के घर पर खुशी का माहौल था. शादी की तैयारी जोरशोर से चल रही थी. हर किसी के चेहरे पर मुस्कान थी. बारात के आने का वक्त हो गया. लड़की के घरवाले बारात का इंतजार करने लगे. लेकिन धीरे-धीरे समय बीतता गया और इंतजार बढ़ता गया. लेकिन बारात नहीं आई. घरवालों को शक हुआ कि कहीं कुछ अनहोनी तो नहीं हो गई.
फैमिली के साथ दूल्हा फरार-
जब समय ज्यादा हो गया तो लड़की के घरवालों ने दूल्हे को फोन किया. लेकिन उसका फोन बंद था. दुल्हन पक्ष को कुछ समझ नहीं आ रहा था. काफी बात-विचार के बाद घर में मौजूद लोगों ने दूल्हे के घर जाकर देखने का फैसला किया. इसके बाद दुल्हन पक्ष के कुछ लोग दूल्हे के घर पहुंचे तो सबके होश उड़ गए. दूल्हे के घर पर ताला लटका हुआ था और वहां कोई भी मौजूद नहीं था. दूल्हा अपनी फैमिली के साथ फरार हो गया था.
300 मेहमानों के लिए की गई थी तैयारी-
दुल्हन के परिजनों का कहना है कि 250 से 300 लोगों का प्रोग्राम था. जिसके लिए सभी तैयारियां की गई थी. दुल्हन के परिवार ने तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि युवक के कुछ परिजन निकाह के लिए तैयार नहीं थे. लेकिन कुछ लोगों ने बीच में पड़कर बातचीत की और 2 अप्रैल 2026 को निकाह की तारीख तय हो गई. लेकिन बारात नहीं पहुंची.
दूल्हा-दुल्हन में था प्रेम प्रसंग-
बताया जा रहा है कि दूल्हा और दुल्हन में प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के रिश्तों को फैमिली की मंजूरी थी. गुरुवार रात दूल्हे को बारात लेकर श्याम नगर पहुंचना था, लेकिन दूल्हा आरिफ बारात लेकर नहीं पहुंचा. इस घटना का सबसे ज्यादा असर दुल्हन के पिता पर पड़ा. बारात न आने की खबर सुनकर दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई.
दुल्हन पक्ष के लोगों ने थाने में जाकर दूल्हा और उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है. जबकि पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
(मोहम्मद उस्मान चौधरी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: