उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. होली मनाने के लिए गुरुग्राम से घर आए जुड़वा भाई-बहन में से भाई ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी बहन की चाकू मारकर हत्या कर दी और मां पर भी ताबड़तोड़ हमले किए. हमले में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.
घटना मझोला थाना क्षेत्र की बुद्धि विहार कॉलोनी की है. यहां रहने वाली नीलिमा एक हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती हैं. उनके जुड़वा बेटे हार्दिक और बेटी हिमशिखा गुरुग्राम में नौकरी करते थे और वहीं साथ रहते थे. दोनों होली मनाने के लिए मुरादाबाद अपने घर आए थे और शुक्रवार को वापस गुरुग्राम जाने की तैयारी कर रहे थे.
बहन पर चाकू से हमला-
बताया जा रहा है कि होली की छुट्टियों के बाद मां नीलिमा अपने ऑफिस चली गई थीं, जबकि घर पर हार्दिक और हिमशिखा मौजूद थे. इसी दौरान हार्दिक ने अचानक अपनी बहन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ी.
मां को ऑफिस से घर बुलाकर हमला-
इसके बाद हार्दिक अपनी मां के ऑफिस पहुंचा और किसी बहाने से उन्हें घर ले आया. जैसे ही मां घर के अंदर पहुंचीं और बेटी को खून से लथपथ देखा तो उनकी चीख निकल पड़ी. तभी हार्दिक ने मां पर भी चाकू से कई वार कर दिए और कार लेकर मौके से फरार हो गया.
मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर दंग रह गए. आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर मां-बेटी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मां नीलिमा का इलाज जारी है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी हार्दिक की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं.
प्रेम प्रसंग में वारदात-
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हार्दिक का पुणे की एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था. एसपी सिटी रणविजय सिंह के अनुसार के अनुसार दोनों के बीच ज्यादातर बातचीत ऑनलाइन होती थी, लेकिन कुछ समय पहले दोनों के बीच बात बंद हो गई थी, जिसके बाद हार्दिक मानसिक रूप से अस्थिर सा हो गया था.
अस्पताल में भर्ती मां नीलिमा ने पुलिस को बताया कि ब्रेकअप के बाद से हार्दिक का स्वभाव काफी गुस्सैल हो गया था. उसे लगता था कि उसके रिश्ते के टूटने के पीछे उसकी मां और जुड़वां बहन हिमशिखा का हाथ है, इसी वजह से वह दोनों से चिढ़ने लगा था और छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करता था.
आईटी कंपनी में काम करती थी बहन-
बताया गया कि हिमशिखा बीबीए करने के बाद एक आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी और साथ ही एमबीए की पढ़ाई भी कर रही थी. वहीं हार्दिक बीटेक करने के बाद पहले गूगल में नौकरी करता था, लेकिन करीब एक साल पहले नौकरी छोड़कर यूट्यूबर बन गया था. दोनों भाई-बहन होली से एक दिन पहले ही घर आए थे.
गुस्से में किया हमला- आरोपी
आरोपी हार्दिक से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि इंस्टाग्राम पर एक लड़की से बातचीत शुरू हुई थी जिसके बाद उसको उससे प्यार हो गया था फिर करीब 7 महीने पहले उसका ब्रेकअप हो गया, जिसके बाद में डिप्रेशन में चला गया. मेरी बहन और मां समझाने की कोशिश करती थी. लेकिन इस बार मुझे अचानक गुस्सा आ गया और मैं रसोई में से बड़ा वाला चाकू लेकर बहन पर हमला कर दिया और मां को भी मारने की नीयत से हमला किया.
वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इस वारदात की क्रूरता सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक हिमशिखा के शरीर पर चाकू के 40 से ज्यादा वार के निशान मिले हैं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
(जगत गौतम की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: