उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पीतल कारोबारी की बेटी ने अपने ही घर में प्रेमी और उसके साथियों से डकैती करवा दी. पुलिस ने कारोबारी की बेटी, उसके प्रेमी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है. आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की नकदी, तमंचे, मोबाइल फोन और दो कारें बरामद की गई हैं.
एक करोड़ से ज्यादा की चोरी-
यह सनसनीखेज वारदात 11 मई की सुबह थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर हुई थी. बदमाशों ने तड़के करीब 4 बजे घर में घुसकर परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये नकद व सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए. जाते समय आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए थे.
घटना के वक्त कारोबारी मोहम्मद इमरान, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटे और दो बेटियां घर में मौजूद थे. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई.
प्यार के लिए बेटी बनी मुखबिर-
घटना का खुलासा करते हुए सतपाल अंतिल ने बताया कि कारोबारी की बेटी अरीबा और अमरोहा निवासी अरशद वारसी के बीच पिछले सात-आठ वर्षों से प्रेम संबंध थे. अलग जाति होने की वजह से दोनों की शादी नहीं हो पा रही थी. इसी के चलते दोनों ने पैसे लेकर अलग जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई.
बेटी ने प्रेमी ने बताया था घर का राज-
पुलिस जांच में सामने आया कि अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद को घर में रखी नकदी की जानकारी दी थी. इसके बाद अरशद ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले घर की रेकी की और फिर डकैती की योजना बनाई. पुलिस के मुताबिक, अरीबा ने एक महीने पहले ही घर के मुख्य गेट की चाबी अरशद को दे दी थी. घटना वाले दिन उसने अंदर से डिजिटल लॉक भी खोल दिया था, जिससे आरोपी आसानी से घर में दाखिल हो गए.
प्रेमी समेत बेटी गिरफ्तार-
पुलिस ने इस मामले में अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, चार तमंचे, पांच मोबाइल फोन और दो कारें बरामद हुई हैं. पुलिस बाकी रकम और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है.
(जगत गौतम की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: