गुजरात के मोरबी जिले के हलवद में हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. चंद्रगढ़ गांव में 12 अक्टूबर को खेत में एक 27 वर्षीय युवक का शव मिला था. युवक के सिर पर किसी भारी सामान से वार किया गया था. शुरुआत में मामला किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने का लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. बेटे की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता रामजी जाधव ने ही की थी. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है.
देर शाम तक घर नहीं लौटा बेटा, खेत में मिला शव
चंद्रगढ़ गांव में 12 अक्टूबर की देर शाम तक युवक खेत से घर नहीं लौटा था. इससे परिवार के लोग परेशान हो गए. इसके बाद परिजन उसे तलाशने के लिए खेत पहुंचे. वहां युवक का शव देखकर परिवार के होश उड़ गए. जवान बेटे की हत्या से घर में मातम छा गया. घटना की जानकारी मिलते ही हलवद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया. इसके बाद हत्या के मामले की जांच शुरू की गई.
पिता ने खुद को बेखबर बताया, पुलिस को हुआ शक
शुरुआत में मृतक के पिता ने अपने परिचितों को फोन कर बताया था कि उनका बेटा घर नहीं लौटा है और फोन करने पर भी जवाब नहीं दे रहा है. इससे लगा कि युवक की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने की होगी. हालांकि, मामले की जांच के दौरान स्थानीय पुलिस, एलसीबी (LCB) और एसओजी (SOG) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से सबूत जुटाए. जांच आगे बढ़ी तो परिवार के ही किसी सदस्य पर शक होने लगा. आखिरकार पुलिस का शक मृतक के पिता पर गया और पूछताछ में हत्या का मामला सामने आया.
कुदाल से सिर पर वार कर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, जब युवक खेत में अकेला था, तब उसके पिता ने कुदाल से उसके सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुदाल छिपा दी और वहां से चला गया. घर पहुंचने के बाद उसने परिवार और परिचितों को बताया कि बेटा लापता है. जब देर शाम तक युवक घर नहीं पहुंचा, तो परिवार के लोग उसे तलाशने खेत पहुंचे. वहां शव मिलने पर आरोपी ने बेहोश होने का नाटक किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
बहू को घर में रखने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताई गई है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने की बात को लेकर पिता और बेटे के बीच बहस हुई थी. बताया जा रहा है कि बेटे की पत्नी को घर में रखने के मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. इसी के बाद पिता ने बेटे की हत्या कर दी.
ये भी पढ़ें: