Advertisement

बाइक चला था शख्स, अचानक मोबाइल में हुआ धमाका, सबकुछ हो गया खत्म

यूपी के मुजफ्फरनगर में मोबाइल की बैटरी फटने से एक शख्स की मौत हो गई. हादसे के वक्त शख्स बाइक से अपनी मां को उसके मायके छोड़कर आ रहा था. बीच रास्ते में बाइक चलाते समय ही मोबाइल की बैटरी फट गई. जिसकी वजह से शख्स सड़क पर गिर गया. अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

Muzaffarnagar News
संदीप सैनी
  • मुजफ्फरनगर,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:01 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन फटने से 40 साल विकास अंतल दर्दनाक मौत हो गई. हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली. मृतक अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचीं और मृतक के पिता समेत परिजनों को ढांढस बंधाया साथ ही उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.

बाइक से घर लौटते वक्त हादसा-
दरअसल नगर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक पर सोमवार शाम रहमतपुर गांव निवासी एक 40 वर्षीय व्यक्ति विकास अंतल उस समय हादसे का शिकार हो गया था. जब वह अपनी मां को माजरा गांव स्थित अपनी ननिहाल छोड़कर बाइक से गांव वापस लौट रहा था.

इस दौरान अचानक चलती बाइक पर विकास के मोबाइल में जोरदार धमाका हो गया. जिसके चलते मोबाइल की बैटरी फटने पर विकास सड़क पर जा गिरा था. जिसमे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. इस दौरान मौके पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा विकास को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसके परिजन विकास को बेहतर उपचार दिलाने के लिए प्राइवेट अस्पताल में ले गए थे. लेकिन इस दौरान विकास की मौत हो गई.

6 साल की बेटी, 3 साल का बेटा-
बताया जा रहा है कि मृतक विकास अंतल उत्तम शुगर मिल, खाईखेड़ी में टोकन मैन के पद पर कार्यरत थे. विकास की मौत से जहाँ परिवार में कोहराम मचा हुआ है तो वही उनकी छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है. इस घटना के बाद विकास के बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी का जहाँ रो-रोकर बुरा हाल है तो वही मंगलवार को शव गांव पहुंचने पर पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

सांसद का मदद का भरोसा-
दुखद घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचीं थी. उन्होंने मृतक के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.

पड़ोसी ने क्या बताया?
पड़ोसी शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि जो विकास कुमार नाम का लड़का था. हमारे गांव का, यह अपनी माता को छोड़ने के लिए मामा के घर गया था. उधर से लौट रहा था. वहलना चौक के आस पास इसके मोबाइल की बैटरी फट गई. इससे उसकी छाती पर चोट लगी और हाथ में चोट लगी. इसकी वजह से हेलमेट गिर गया. इसके बाद सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. इसके बाद परिजन उसे आरोग्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.

सड़क पर गिरने से हुई होगी मौत- पुलिस
खालापार थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल की बैटरी फटने के कारण बाइक सवार व्यक्ति होपलेस हो गया था. जिसके चलते वह सड़क पर जा गिरा था. सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर में गहरी चोट लगी थी. शायद इसकी वजह से उसकी मौत हुई होगी, बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement