उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें सरेराह स्कूल जाती एक लड़की के साथ छेड़खानी की घटना होती है. मनचला नाबालिग से लगातार छेड़खानी कर रहा है. मनचला लड़की के साथ ही मारपीट भी करता है.
नाबालिग के साथ छेड़खानी-
दरसअल 1 अक्टूबर की सुबह बुढाना कोतवाली इलाके में स्कूल जाती एक 15 साल की छात्रा को बीच सड़क पर छेड़खानी और मारपीट का सामना करना पड़ा. एक युवक लड़की के साथ छेड़खानी करता है और जब लड़की इसका विरोध करती है तो उसके साथ मारपीट भी करता है. युवक लड़की को थप्पड़ मारता है.
CCTV में कैद वारदात-
नाबालिग के साथ छेड़खानी करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. छेड़खानी करने वाला युवक वीडियो में दिखाई देता है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक लड़की के पीछे-पीछे आता है. जैसे ही लड़की एक मोड़ पर पहुंचती है तो उसे पीछे से धक्का देता है. इस दौरान वहां कई लोग मौजूद हैं, लेकिन किसी ने इसका विरोध नहीं किया. एक दूसरे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि लड़की जब सुनसान गली में जाती है तो उसे पीछे युवक भी पहुंचता है. इस दौरान लड़की युवक का विरोध करती है. लेकिन वो लड़की को थप्पड़ मारता है.
वीडियो वायरल होने पर पुलिस का एक्शन-
जब सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी एक्शन में आई. इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए बुढाना पुलिस ने इस मामले में तुरंत मुकदमा दर्ज करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. जब पुलिस युवक को गिरफ्तार कर ले जा रही थी तो वो लड़खड़ा रहा था.
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि थाना बुढ़ाना के कस्बा में एक छात्रा से छेड़खानी हुई थी. उस संबंध में थाना बुढ़ाना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था. और उसके सीसीटीवी फुटेज निकले गए. उसमें वह लड़का प्रकाश में आया. वह कस्बे का ही रहने वाला है और उसको सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार कर वैधानिक आवश्यक कार्रवाई कर जेल भेजा गया है.
ये भी पढ़ें: