बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर आगमन के दौरान उनके स्वागत समारोह में चोरी की घटना सामने आई है. तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक पर स्वागत के दौरान JDU नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन गायब हो गई. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
निशांत कुमार के स्वागत समारोह में चोरी-
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर सकरी चौक पर JDU कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनके स्वागत की तैयारी की थी. मंत्री का काफिला रुकते ही कार्यकर्ताओं और नेताओं की भारी भीड़ जुट गई. इसी दौरान कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी JDU नेता राजेश मंडल मंत्री को माला पहनाने के लिए आगे पहुंचे.
7 लाख की सोने की चेन गायब-
राजेश मंडल का कहना है कि मंत्री को माला पहनाने के दौरान काफी भीड़ और धक्का-मुक्की थी. इसी दौरान उनके गले से करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन गायब हो गई. स्वागत कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो चेन गायब मिली.
राजेश मंडल ने दर्ज कराया केस-
राजेश मंडल ने तुर्की थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पुलिस को बताया कि भीड़ में किसी ने चेन खींची या धक्का-मुक्की के दौरान चेन टूटकर गिर गई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. हालांकि, उन्हें चेन स्वागत समारोह के दौरान ही गायब होने का शक है.
जांच में जुटी पुलिस-
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई. तुर्की थानाध्यक्ष सह सब इंस्पेक्टर सेंटू कुमार ने घटना की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, JDU नेता का आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है. मंत्री के VIP मूवमेंट के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज के साथ-साथ सकरी चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
अब पुलिस फुटेज के जरिए उस शख्स की पहचान करने में जुटी है, जो भीड़ का फायदा उठाकर चेन लेकर फरार हुआ या घटना के दौरान चेन गिरने की स्थिति सामने आई.
ये भी पढ़ें: