Advertisement

कारोबारी अगवा, 10 लाख की मांगी फिरौती.. पुलिस के 'ऑपरेशन बरामदगी' की 8 घंटे की कहानी

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक कारोबारी को अगवा कर लिया गया. अपहरणकर्ताओं ने परिवार को वीडियो कॉल किया और कारोबारी को पिटते हुए दिखाया. इसके बाद 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी. फैमिली पुलिस के पास पहुंची. पुलिस एक्शन में आई और 8 घंटे में कारोबारी को बरामद कर लिया. पुलिस ने 4 अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया.

Muzaffarpur News
मणि भूषण शर्मा
  • मुजफ्फरपुर,
  • 20 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 5:52 PM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मिसकॉट गली से कार सवार बदमाशों ने कारोबारी चंदन कुमार का अपहरण कर लिया. अपहरण के बाद बदमाश उसे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में ले गए और एक खंडहरनुमा मकान में बंधक बनाकर रखा. इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई.

वीडियो कॉल पर दिखाई पिटाई-
परिजनों को वीडियो कॉल कर बदमाशों ने कारोबारी चंदन कुमार की पिटाई करते हुए दिखाई और उसकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की मांग की. परिजनों ने वीडियो कॉल को दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी.

पुलिस ने शुरू की जांच-
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. सिटी एसपी मोहिल्बुला अंसारी ने खुद मामले की जांच की निगरानी की. पुलिस ने मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की.

पुलिस का 8 घंटे का एक्शन-
जांच के दौरान पुलिस को अपहरणकर्ताओं के बलिया में होने की जानकारी मिली. इसके बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया और बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में छापेमारी की. पुलिस ने कारोबारी चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया.

सिटी एसपी के मुताबिक, अपहरण की सूचना मिलने के करीब 8 घंटे के भीतर कारोबारी को बरामद कर लिया गया.

गिरफ्त में चार आरोपी-
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली के सराय थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुमार उर्फ सूरज कुमार सिंह उर्फ सूरजभान सिंह, सारण के दिघवारा थाना क्षेत्र निवासी रौशन कुमार, उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र निवासी गौरव सिंह और समस्तीपुर के बंगरा थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी उसी जगह से गिरफ्तार किए गए, जहां कारोबारी को बंधक बनाकर रखा गया था. घटना में इस्तेमाल मारुति ऑल्टो कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

रंगदारी के लिए किया गया था अपहरण-
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कारोबारी से रंगदारी के तौर पर 10 लाख रुपये वसूलने की योजना बनाई थी. फिलहाल कारोबारी और आरोपियों के बीच किसी पुराने विवाद की बात सामने नहीं आई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की पूरी साजिश किसने रची और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement