Advertisement

ऑनलाइन प्यार, शादी तक आई बात, फिर हो गया गेम... खुद को UK का बताने वाले दूल्हे का ठगी का पूरा खेल समझिए

महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला से 20 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. व्हाट्सअप के जरिए दोनों की पहचान हुई. इसके बाद बात शादी तक पहुंच गई. इसके बाद ठगी का खेल शुरू हुआ. आरोपी ने ऐसा खेल रचा कि महिला ने 20 लाख रुपए दे दिए.

Nagpur Online Found
योगेश पांडे
  • नागपुर,
  • 30 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:33 PM IST

महाराष्ट्र के नागपुर में ऑनलाइन पहचान के बाद शादी का झांसा देकर महिला से करीब 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने खुद को UK में रहने वाला बताकर भारत आने और शादी करने की बात कही. इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम्स में पकड़े जाने की झूठी बात बोलकर पहले 95 हजार, फिर 5 लाख और अलग-अलग किस्तों में रकम ली. जब 25 लाख रुपये और मांगे गए तो महिला को शक हुआ और उसने गणेशपेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

व्हाट्सअप से पहचान, बात शादी तक आई-
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता रुबिना खान की पहचान व्हाट्सअप के माध्यम से मोहम्मद विशाल चोपड़ा नाम के व्यक्ति से हुई. आरोपी ने खुद को UK में रहने वाला और सोने तथा कपड़ों के कारोबार से जुड़ा बताया. बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और मामला शादी तक पहुंच गया.

UK में बताया खुद का घर-
आरोपी ने WhatsApp कॉल के जरिए महिला को UK में अपना घर भी दिखाया और भारत आकर शादी करने की बात कही. इसके बाद उसने दिल्ली एयरपोर्ट से भारत आने और अपने साथ करीब 70 तोला सोना तथा 700 US डॉलर लाने की बात कही.

कुछ समय बाद महिला को फोन कर बताया गया कि कस्टम्स अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट पर रोक लिया है. उसे छुड़ाने के लिए 13 लाख रुपयों की जरूरत बताकर पहले ऑनलाइन करीब 95 हजार रुपये लिए गए. इसके बाद कथित तौर पर 5 लाख रुपये और ट्रांसफर करवाए गए.

आरोप है कि इसके बाद ठगी का सिलसिला और बढ़ गया. कथित कस्टम्स अधिकारी बनकर फोन किए गए और आरोपी को छुड़ाने के नाम पर महिला से दोबारा पैसे मांगे गए. इस तरह अलग-अलग तरीकों से महिला से करीब 20 लाख रुपये की कथित ठगी किए जाने की शिकायत सामने आई है.

लगातार पैसे मांगने पर महिला को हुआ शक-
मामला तब खुलने लगा जब आरोपियों ने महिला से 25 लाख रुपये और देने की मांग की. लगातार पैसों की मांग से महिला को शक हुआ और उसने गणेशपेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने जांच आगे बढ़ाई और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है और इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement