सोशल मीडिया पर अपनी अमीरी दिखाने का शौक कितना भारी पड़ सकता है. इसका चौंकाने वाला मामला नागपुर में सामने आया है. व्हाट्सअप स्टेटस पर खुद को करोड़ों की संपत्ति का मालिक दिखाने वाले वीडियो पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति के घर पर उसके ही दोस्त ने डाका डाला. इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने चोरी के बाद पीड़ित को फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी.
सोशल मीडिया पर खुद को अमीर बताना पड़ा भारी-
शहर के बेलतरोड़ी इलाके में रहने वाले समीर याचलवार अक्सर अपने व्हाट्सअप स्टेटस पर बड़ी मात्रा में नकदी और संपत्ति होने का आभास कराने वाले वीडियो साझा करते थे. पुलिस जांच में सामने आया कि ये वीडियो वो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार करते थे.
अमीर समझकर दोस्त ने रची साजिश-
इन वीडियो को देखकर उनके दोस्त को लगा कि समीर के घर में बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती आभूषण रखे हैं. इसके बाद इस घटना का मुख्य आरोपी श्रेयस बोरकर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी और फिरौती की साजिश रची. मुख्य आरोपी श्रेयस बोरकर, शिकायतकर्ता समीर का परिचित था. दोनों की पहचान कुछ कामकाज के दौरान हुई थी.
बच्चों की हत्या की धमकी, 40 लाख की मांग-
समीर ने पुलिस को बताया कि वह सुबह काम पर गए थे. शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था. घर से करीब साढ़े चार लाख रुपये के आभूषण और चार लाख रुपये नकद चोरी हो चुके थे. उस समय उनकी पत्नी और बच्चे घर में सो रहे थे. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. जांच के दौरान ही समीर के मोबाइल पर व्हाट्सअप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पैसे नहीं देने पर पत्नी और बच्चों की हत्या की धमकी दी.
पुलिस ने सुलझाई गुत्थी-
जांच के दौरान घर के सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति घर से बैग बाहर फेंकता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस को उस कार का नंबर मिल गया, जिससे आरोपी फरार हुए थे. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने समीर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनकी मोटरसाइकिल में साइलेंट मोड पर एक मोबाइल छिपाकर रखा था. इससे उन्हें पता चल जाता था कि समीर कब घर से बाहर रहते हैं और उसी हिसाब से उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति का प्रदर्शन करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है. फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच बेलतरोड़ी पुलिस कर रही है.
ये भी पढ़ें: