गर्लफ्रेंड ने मांगा आईफोन, नाबालिग बोला- हो जाएगा, फिर कर दिया खेल

महाराष्ट्र के नागपुर में एक अनोखी चोरी की वारदात हुई है. एक नाबालिग ने अपनी गर्लफ्रेंड को आईफोन देने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. तीनों ने 11 लाख से ज्यादा के सामान की चोरी की थी.

Nagpur Crime (Photo/ChatGPT)
gnttv.com
  • नागपुर,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:56 PM IST

महाराष्ट्र के नागपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक नाबालिग लड़के की गर्लफ्रेंड ने आईफोन मांगा तो उसने बड़ा खेल कर दिया. नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची. तीन दोस्तों ने मिलकर 11 लाख से ज्यादा का सामान चुरा लिया. हालांकि पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

गर्लफ्रेंड के आईफोन के लिए चोरी-
नागपुर के कलमना पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में सेंध लगाकर 11.39 लाख रुपये का सामान चोरी करने वाले 2 नाबालिग समेत 3 आरोपियों को कलमना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपनी गर्लफ्रेंड को आईफोन गिफ्ट करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

गिरफ्त में 3 आरोपी-
गिरफ्तार आरोपियों में यशोधरानगर निवासी इरफान अली उर्फ इम्मू रमजान अली और दो नाबालिग शामिल हैं. पुलिस ने राहुल जयचंद ब्रह्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया था. राहुल शहर के कलमना इलाके में राहुल सिरैमिक्स प्रा. लि. कंपनी चलाते हैं, जहां टाइल्स, सैनिटरी और सीपी फिटिंग का गोदाम है.

गोदाम का ताला तोड़कर हुई थी चोरी-
27 और 28 मई की दरमियानी रात चोरों ने गोदाम की दूसरी मंजिल की टीन तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कृषि उपयोग के एमबी मॉडल के नल, घरेलू उपयोग की विभिन्न सीरीज के नल और अन्य सामान चोरी कर लिया.

कमलना थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग इलाकों के 25 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली. हिरासत में लेने के बाद आरोपियों ने चोरी की बात कबूल कर ली.

जांच में पता चला कि पकड़े गए एक नाबालिग की गर्लफ्रेंड ने उससे आईफोन की मांग की थी. उसकी यह डिमांड पूरी करने के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी.

(योगेश वसंत पांडे की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED