अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बुर्जा के पास नायरा कंपनी के पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े सेल्समैन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की पड़ताल में यह पूरा घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला. घायल सेल्समैन सचिन लगातार एक महिला को फोन कर रहा था. महिला आरोपी की प्रेमिका बताई जा रही है. महिला ने आरोपी को इस संबंध में जानकारी दी. जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में इस वारदात की साजिश रची. योजना बनाकर उसने सेल्समैन को गोली मार दी.
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि फायरिंग के मामले में जगत गुर्जर नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कठूमर क्षेत्र का रहने वाला है. गिरफ्तार आरोपी से हथियार और कारतूस बरामद कर लिया है. इनमें से एक कारतूस का इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए जिस बाइक से अलवर आया था. वो उसने कठूमर क्षेत्र से चोरी की थी.
चोरी की बाइक से अलवर पहुंचा था आरोपी
बाइक चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. इस संबंध में कठूमर थाने में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जाएगा. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले कठूमर क्षेत्र से एक बाइक चोरी कर अलवर पहुंचा. इसके बाद वो बुर्जा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां मौजूद सेल्समैन सचिन की फोटो खींचकर अपनी प्रेमिका को भेजी. महिला से पुष्टि होने के बाद आरोपी ने युवक क़ो फोन किया. उसके बाद आरोपी ने सचिन पर फायरिंग कर दी. सेल्समेन सचिन जगत की प्रेमिका को फोन करता था और उसे परेशान कर रहा था. इसकी सूचना उसने जगत को दी.
मामला प्रेम प्रसंग और एकतरफा विवाद से जुड़ा
गोली सचिन के कंधे में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पहले अलवर में उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ हाथापाई के दौरान उसे चोटें भी आई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है. वहीं, पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वो पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं. दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. अब पुलिस के खुलासे के बाद मामला प्रेम प्रसंग और एकतरफा विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आई है.