राजस्थान के बाड़मेर में एक प्राइवेट हॉस्पिटल की नर्स ने 65 साल के डॉक्टर को ब्लैकमेल कर करीब 2 करोड़ रुपए ऐंठ लिए. आरोप है कि महिला नर्स डॉक्टर को अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने, झूठे रेप के केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देती थी. डॉक्टर का आरोप है कि इज्जत के डर से वह महिला नर्स को रुपए देता रहा.
महिला नर्स ने डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर रखा था और हॉस्पिटल में लगे CCTV कैमरों से महिला नर्स डॉक्टर की निगरानी करती रहती थी. डॉक्टर को ट्रेस करने के लिए महिला नर्स ने एक छोटा मोबाइल और एक सिमकार्ड अलग से दे रखा था. डॉक्टर का कहना है कि महिला नर्स उसे धमकाकर वह मोबाइल 24 घंटे ऑन रखवाती थी. पूरा घटनाक्रम संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला नर्स को कमला उर्फ कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद महिला नर्स कमला का कहना है कि मुझ पर लगाए गए आरोप सरासर गलत है. डॉक्टर अपने बचाव का प्रयास कर रहा है.
डॉक्टर बोला-नाइट ड्यूटी में डॉक्टर से बढ़ाई नजदीकियां
पीड़ित प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर ने पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि महिला कमला दिसंबर 2016 से उसके हॉस्पिटल में फीमेल नर्स के रूप में काम कर रही है. अधिकतर वह नाइट ड्यूटी करती थी और चाय बनाने के बहाने अस्पताल की चौथी मंजिल में स्थित मेरे पर्सनल कमरे में आती-जाती रहती थी. डॉक्टर का आरोप है कि उसी दौरान उसने मेरे निजी फोटो अपने मोबाइल में ले लिए.
फिर शुरू हुआ ब्लेकमेल का खेल
डॉक्टर का आरोप है कि मेरे निजी फोटो लेने के बाद महिला नर्स कमला ने मुझे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. निजी फोटो सोशल मीडिया पर डालने, झूठा रेप का केस दर्ज करवाने और जान से मारने की धमकियां देने लगी.
अब तक 2 करोड़ दे चुका हूं
पीड़ित डॉक्टर का कहना है कि अस्पताल की साख और अपनी इज्जत बचाने के लिए मैं महिला नर्स को अब तक 2 करोड़ रुपए दे चुका हूं. इसमें से 35 लाख के करीब रुपए मैने हॉस्पिटल के बैंक अकाउंट से महिला नर्स को ट्रांसफर किए हैं. डॉक्टर का आरोप है कि महिला नर्स ने उससे खाली चेक और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवा रखे हैं, जो उसने बैंक या लॉकर में छुपा रखे हैं.
फोन नहीं उठाने पर स्टाफ को दिखाए निजी फोटो
डॉक्टर का आरोप है कि वह किसी काम से अहमदाबाद गए थे तो महिला नर्स ने उसे करीब 1000 कॉल किए. फोन नहीं उठाने पर महिला नर्स ने उनके निजी फोटो अस्पताल स्टाफ को दिखाए. यही नहीं महिला नर्स 3-4 अप्रैल 2025 की रात्रि को मेरे घर के बाहर आकर सो गई थी और अंदर आने की जिद करने लगी थी. यह घटना पूरी CCTV कैमरे में रिकॉर्ड है.
ऐसे किया डिजिटल अरेस्ट
डॉक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक महिला नर्स ने उसे एक मोबाइल और सिमकार्ड दिया था और उसे 24 घंटे फोन चालू रखने के लिए मजबूर किया. हॉस्पिटल के CCTV कैमरों के पासवर्ड भी जबरदस्ती ले लिए थे. मोबाइल और कैमरों से वह उनकी हर एक्टिविटी पर नजर रखती थी. डॉक्टर का आरोप है कि महिला नर्स ने एक तरीके से उसे डिजिटल अरेस्ट कर रखा था. डॉक्टर ने रिपोर्ट में कहा कि महिला नर्स को अस्पताल के काम के लिए प्रति महीने वेतन के रूप में 12 हजार रुपए ऑनलाइन पेमेंट दिया जाता था, लेकिन यह नर्स अपनी सैलरी के बाद भी हर महीने लाखों रुपए वसूल रही थी.
ब्लैकमेल का आरोप, जांच कर रहे: एएसपी
बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नितेश आर्य के मुताबिक पीड़ित डॉक्टर की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी महिला नर्स कमला उर्फ कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस महिला आरोपी से पूछताछ करने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है. ASP नितेश आर्य के अनुसार डॉक्टर का आरोप है कि निजी फोटो से उसे ब्लैकमेल कर उसी के अस्पताल में काम करने वाली महिला नर्स उससे अब तक करीब 2 करोड़ रुपए ऐंठे हैं. वसूली के लिए डॉक्टर को झूठे मुकदमें में फंसाने, फोटो वायरल करने समेत कई तरह की धमकियां भी दी. डॉक्टर की रिपोर्ट के बाद महिला के कब्जे से 17 हजार रुपए बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों की नजदीकियां कैसे बढ़ी और कैसे डॉक्टर को ब्लैकमेल कर महिला ने उसे धमकाकर 2 करोड़ रुपए हड़प लिए. दोनों के बीच किस तरह का रिश्ता था. यह सब जांच का विषय है.