Advertisement

दिल्ली में प्यार, फिर शादी, अब सागर में कोर्ट में चले लात-घूसे... लव मैरिज पर फैमिली का प्रहार

मध्य प्रदेश के सागर में कोर्ट परिसर में उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवक को लोगों ने लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया. लड़के के साथ मौजूद लड़की ने उसे बचाने की कोशिश की. लेकिन कामयाबी नहीं मिली. इसके बाद कपल किसी तरह से वहां से भाग निकले और पुलिस के पास पहुंचे. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और मामले की जांच कर रही है.

Sagar news
हिमांशु पुरोहित
  • सागर,
  • 31 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:59 PM IST

मध्य प्रदेश के सागर जिला न्यायालय परिसर के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब लव मैरिज करने वाले एक कपल पर हमला हो गया. ये हमला उनके परिजनों ने किया. आरोप है कि दोनों को कोर्ट परिसर के पास घेरकर जमकर मारपीट की गई. इस दौरान युवती ने भी अपने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा. घायल हालत में पति-पत्नी सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई. घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

पहले प्यार, फिर दिल्ली में कोर्ट मैरिज-
जानकारी के मुताबिक सुभाष नगर निवासी रंजीत दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है. वहीं फरीदाबाद में उसी मोहल्ले में रहने वाली एक युवती से उसकी जान-पहचान हुई. दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. करीब सात महीने पहले दोनों ने दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली और साथ रहने लगे.

परिवारवालों ने धोखे से सागर बुलाया-
बुधवार को दोनों सागर पहुंचे. आरोप है कि युवती के परिजनों ने कागजी प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने उन्हें जिला न्यायालय बुलाया. गुरुवार को जैसे ही दोनों कोर्ट परिसर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद परिजनों और परिचितों ने उन्हें घेर लिया. देखते ही देखते कहासुनी शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.

लात-घुसों से लड़के की पिटाई-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई. आरोप है कि रंजीत के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई. वहीं विवाद के दौरान युवती ने भी अपने पति को बचाने की कोशिश की. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.

मारपीट के बीच किसी तरह पति-पत्नी वहां से निकलकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना बताई और सुरक्षा की मांग की. घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

पुलिस ने दर्ज किया बयान-
मामले की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित थाना पुलिस को मौके पर भेजा. पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिए हैं और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

हालांकि इस मामले में दूसरा पक्ष भी अलग दावा कर रहा है. युवती के परिजनों का कहना है कि विवाद की शुरुआत युवक की ओर से हुई थी. ऐसे में पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर रही है.

फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों, बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक विवादों और सामाजिक तनाव के सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement