उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली एक महिला ने अपनी अधिकारी बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ सहारनपुर के थाना सरसावा में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. यह मुकदमा उनकी मां मुनेश रानी की तहरीर पर 30 जून को दर्ज हुआ. पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच के बाद केस दर्ज किया गया है और पूरे मामले की विवेचना की जा रही है. शिकायत में सीमा चौधरी के अलावा संजीव कुमार, गंभीर, राजेंद्र राणा और नरेश कुमार को भी नामजद किया गया है.
अफसर बेटी पर मां के आरोप-
मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी ने गाजियाबाद स्थित आईसीआईसीआई बैंक में उनके नाम से खाता खुलवाया था, लेकिन खाते का संचालन वही खुद करती थी. खाते में होने वाले लेनदेन की जानकारी उन्हें कभी नहीं दी गई.
उनका कहना है कि बिना उनकी जानकारी और अनुमति के खाते में 15 लाख रुपये जमा कराए गए. मोबाइल पर बैंक का मैसेज आने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई. बैंक पहुंचकर जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में यह रकम जमा है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीमा चौधरी ने अपनी कथित "काली कमाई" को छिपाने के लिए उनके बैंक खाते का इस्तेमाल किया.
जमीन हड़पने का लगाया आरोप-
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सीमा चौधरी ने कथित रूप से एक भू-माफिया गिरोह के साथ मिलकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची. आरोप है कि संजीव कुमार, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार के साथ मिलकर 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार की गई, जिस पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए. तहसील प्रशासन से जानकारी मिलने के बाद उन्हें इस कथित साजिश का पता चला.
उन्होंने हस्ताक्षरों की जांच कराई तो रिपोर्ट में हस्ताक्षर अलग बताए गए. मुनेश रानी का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद डर के कारण उन्हें अपनी जमीन देहरादून निवासी नैंसी जोशी के नाम बेचनी पड़ी.
बेटी के खिलाफ FIR दर्ज-
मुनेश रानी ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले 13 मई को थाना सरसावा में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने एसएसपी सहारनपुर से शिकायत की. एसएसपी के निर्देश पर 30 जून को शाम करीब साढ़े चार बजे सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
उधर, नकुड़ क्षेत्र के सीओ पवन कुमार ने बताया कि मुनेश रानी नाम की महिला की शिकायत की जांच कराई गई थी. जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसे आरोप सामने आने पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस अब पूरे मामले की विवेचना कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: