बिहार के समस्तीपुर स्थित मोरवा में एक शादीशुदा प्रेमी अपनी प्रेमिका को साथ रखने की जिद्द को लेकर मोबाइल के टॉवर पर चढ़ गया. इस जानकारी के बाद काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. सभी लोग एक स्वर में टॉवर से उतर जाने के लिए समझाने लगे. इसके बावजूद शादीशुदा प्रेमी टॉवर से नीचे नहीं उतरा. इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस और स्थानीय विधायक को दी गई. पुलिस और विधायक तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए. 5 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा.
धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे से करने लगे प्यार
बता दें कि समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड के हलई थाना क्षेत्र के कुमैया चौक पर एक शादीशुदा युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. युवक बासुदेव कुमार के टॉवर पर चढ़ने का वजह पूछने पर पता चला कि उसकी शादी 15 साल पहले हुई थी लेकिन उक्त दंपति को संतान सुख की प्राप्ति नहीं हुआ. इस बीच बासुदेव कमाने के लिए हैदराबाद चला गया था. दो साल पहले पटोरी थाना क्षेत्र के धमौन गांव की एक युवती से बासुदेव का संपर्क हो गया और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे प्यार करने लगे.
भागकर कर ली शादी
बासुदेव और उसकी प्रेमिका एक साथ जीने-मरने की कसम खाते हुए एक महीना पहले हैदराबाद भाग गए और वहीं पर शादी कर ली. इस घटना के बाद परिजनों ने थाने में एफआईआर दर्ज करा दी. हलई थाना की पुलिस हैदराबाद से शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका को हिरासत में लेकर मोरवा ले आई. इस बीच कुछ लोगों ने बासुदेव कुमार की पिटाई कर दी. प्रेमी-प्रेमिका को अलग रहने का दवाब डाला. शादीशुदा युवक ने जब प्रेमिका को उसके परिजनों के हवाले कर दिया, तब लोगों ने उसे मुक्त कर दिया. इससे आहत शादीशुदा प्रेमी बासुदेव कुमार बुधवार को गांव में एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और प्रेमिका के साथ रहने का जिद्द करने लगा.
कूदकर जान देने की धमकी
टॉवर पर चढ़ने की सूचना पर हलई थाना की पुलिस, एम्बुलेंस, अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. करीब 5 घंटे तक समझाया गया लेकिन उक्त प्रेमी 7 बजे शाम तक प्रेमिका के नहीं मिलने पर टॉवर से कूदकर जान देने की धमकी देता रहा. मोरवा के विधायक रणविजय साहू, पूर्व मुखिया शांति देवी के साथ स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया तब जाकर वह टॉवर से नीचे उतरा. 5 घंटे तक चले इस ड्रामा की चर्चा पूरे जिले में खूब हो रही है.