समस्तीपुर के खानपुर में एक युवक के द्वारा विवाहिता के मांग में जबरन सिंदूर भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें युवक महिला को खेत में भीड़ के बीच दौड़ा कर मांग में सिंदूर भर देता है. लेकिन लोग तमाशबीन बने रहते हैं. हालांकि मांग में सिंदूर भरने के बाद ग्रामीणों ने बीच बचाव किया. इस मामलें को लेकर पीड़ित महिला ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस मामलें के जांच में जुट गई है.
जबरन शादी करने का प्रयास
बता दे कि खानपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम पुर अन्नु पंचायत के वार्ड संख्या 2 निवासी दिनेश महतो का पुत्र कुंदन कुमार एक विवाहिता से जबरन शादी करना चाह रहा था. इसका महिला के द्वारा विरोध किया जा रहा था. इस बीच हो हल्ला सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जुट गए. भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने पूरे प्रकरण का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कुंदन कुमार विवाहित महिला के मांग में जबरन सिंदूर भरना चाहता है और गले मे माला पहनाकर कर शादी करना चाहता है. लेकिन इसका विरोध महिला के द्वारा किया जाता है.
महिला के साथ उसके बच्चों को अपना लूंगा
इस बीच मौका देखर कर महिला खेत की ओर भगाने लगती है. जिसका कुंदन पीछा करता है और खेत मे जबरन पकड़ कर विवाहिता के मांग में सिंदूर भर देता है. काफी संख्या में जुटे लोग तमाशबीन बने रहते है. काफी देर तक खेत मे महिला और युवक के बीच उठापटक चलता रहता है. कुछ देर बाद कुछ लोग हिम्मत कर युवक के चंगुल से महिला को छुड़ाने में कामयाब होते है. लेकिन युवक और उसका दोस्त विवाहित महिला को जबरन बाइक पर बैठाकर अपने घर ले जाता है. जहां वायरल वीडियो में कहता दिख रहा है कि महिला के साथ उसके बच्चों को अपना लेगा लेकिन महिला वहां भी इसके हरकतों का विरोध करते नजर आती है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बाद में महिला किसी तरह कुंदन के चंगुल से मुक्त होकर खानपुर थाना पहुंचती है और उसके विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज करा देती है. पुलिस विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है. पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि खानपुर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसका जांच में पाया गया कि महिला और युवक पहले से परिचित थे. उक्त वीडियो खानपुर थाना के सोभन गांव का है. 28 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई है. युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.