Advertisement

स्कूल से घर आ रही थी छात्रा...एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी ने बोलेरो से करवाया अपहरण, रातभर जंगल में रखा

एक ही स्कूल के छात्र बताए जा रहे आरोपी और छात्रा थानेदार नीरज कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

student abduction
सत्यजीत कुमार
  • गुमला,
  • 11 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:56 PM IST

स्कूल से घर लौट रही 11वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा का एकतरफा प्यार में अपहरण करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि छात्र के सीनियर ने पहले से योजना बनाकर बोलेरो मंगाई और छात्रा को उसके दो दोस्तों के सामने जबरन वाहन में बैठाकर अरंगी जंगल ले गया. वहां छात्रा को रातभर रखा गया. घटना की जानकारी मिलते ही सिसई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह करीब चार बजे छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया.

स्कूल से घर लौटते समय किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, छात्रा नागफेनी-पोढ़ा के बीच स्कूल से घर लौट रही थी. इसी दौरान बिरिया उरांव ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर उसे बोलेरो में बैठा लिया. आरोप है कि बिरिया छात्रा को पसंद करता था और एकतरफा प्यार में उसने इस घटना की योजना बनाई थी. छात्रा के साथ उसके दो दोस्त भी थे. उन्होंने घटना की जानकारी तुरंत छात्रा के परिजनों को दी.

परिजनों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने सिसई थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत छात्रा की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के अरंगी जंगल में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुबह करीब चार बजे उसे जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया.

मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
छात्रा के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी बिरिया उरांव को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल चार अन्य युवकों को भी अरंगी कच्चापारा स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में बिरिया उरांव, मुन्ना उरांव, बीरेंद्र उरांव, राजेश उरांव और आशीष लोहरा शामिल हैं. पुलिस ने छात्रा के अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो को भी जब्त कर लिया है.

एक ही स्कूल के छात्र बताए जा रहे आरोपी और छात्रा
थानेदार नीरज कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी और छात्रा एक ही स्कूल से जुड़े हुए थे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है. थानेदार ने कहा कि छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement