Lucknow News: लव मैरिज की ऐसी सजा! दामाद को ससुराल बुलाकर सीने-पेट में घोंपे चाकू, ससुर और साला ने खेला खूनी खेल

काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में 24 वर्षीय रामसागर की उसके ही ससुरालवालों ने सीने और पेट में चाकू घोंप कर हत्या कर दी. रामसागर ने प्रेम विवाह किया था. आइए पूरा मामला जानते हैं.

Son-in-Law Murdered in Kakori (Photo: Representational) 
आशीष श्रीवास्तव
  • लखनऊ,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:27 AM IST

राजधानी लखनऊ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में 24 वर्षीय रामसागर की उसके ही ससुरालवालों ने बेरहमी से हत्या कर दी. विदाई के बहाने पहले ससुराल में रामसागर को बुलाया और फिर गांव के बाहर ले जाकर लात-घूंसों से पीटा गया. इसके बाद दामाद रामसागर के पेट और सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार किया. गंभीर हालत में रामसागर  को सीएचसी सरोजनीनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. रामसागर के साथ विदाई कराने आए उसके भाई राहुल को भी हमले में चोटें आई हैं.

साल 2024 में किया था प्रेम विवाह
रामसागर मूल रूप से पीलीभीत जिले के माधव टांडा का रहने वाला था. उसने दिसंबर 2024 में लालता खेड़ा की रहने वाली कामिनी से प्रेम विवाह किया था.दोनों ने पहले मंदिर में शादी की और फिर कोर्ट मैरिज की. शादी से नाराज मायके पक्ष ने पहले रीति-रिवाज से शादी का झांसा दिया और कामिनी को गांव बुला लिया. आरोप है कि इसके बाद उस पर रामसागर से रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया गया और दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिश की गई.

गांव में पुलिस तैनात 
लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र में गत 16 फरवरी की रात कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित और अमित ने विदाई का बहाना बनाकर रामसागर को गांव बुलाया. बातचीत के नाम पर उसे गांव के बाहर ले जाया गया, जहां साजिश के तहत हमला कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक सुमित ने पहले चाकू से वार किया, जमीन पर गिरने के बाद अमित ने भी उसी चाकू से कई वार किए. राहगीरों के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए, लेकिन बाद में पुलिस ने हरदोइया मोड़ से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही पर खून से सना चाकू भी बरामद किया गया. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में लोग इसी की चर्चा कर रहे हैं. 

 

Read more!

RECOMMENDED