आपने लाइव रेड देखा है? अगर नहीं देखा है तो आपके लिए एक वीडियो सामने आया है. जिसमें एक कार से चाइनीज पिस्तल, कारतूस और अफीम के साथ तस्कर भाग रहे थे. पुलिसवालों ने बीच सड़क पर ट्रैक्टर खड़ी कर दी. तस्करों ने कार से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी. इसके बाद कार से निकलकर भागने लगे. पुलिस वालों ने दौड़ाकर तस्करों को पकड़ लिया. पुलिस का एक्शन कैमरे में कैद हो गया. अब उसका वीडियो सामने आया है.
फिल्मी स्टाइल में तस्करों की भागने की कोशिश-
श्रीगंगानगर में फिल्मी स्टाइल में कार सवार बदमाशों ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की. पुलिस बदमाशों का पीछा कर रही थी. बदमाशों के पास से हेरोइन, अफीम और विदेशी हथियार मिले हैं, जो पाकिस्तान से भेजे गए थे. पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी थाना क्षेत्र की है.
तस्करों के पास से क्या मिला?
एसपी हरिशंकर ने बताया कि आरोपियों के पास से पाकिस्तान की तरफ से भेजी गई खेप में 1.50 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 5 विदेशी पिस्टल और 72 राउंड बरामद हुए हैं. पुलिस ने पंजाब के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है और 1 लग्जरी कार जब्त की गई है.
ट्रैक्टर-ट्रॉली से जाम की सड़क-
समेजा कोठी थाना क्षेत्र के रायसिंहनगर की ओर नेशनल हाइवे-911 पर दोपहर करीब 2 बजे पुलिस ने सूचना के आधार पर भारी नाकाबंदी की थी. ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया था.
कार ने मारी टक्कर-
इसी दौरान अनूपगढ़ की तरफ से तेज स्पीड में एक लग्जरी कार आती दिखी. इस कार का पुलिस पीछा कर रही थी. तस्कर ने नाकाबंदी देखते हुए सीधे बैरिकेडिंग में जोरदार टक्कर मार दी और तोड़कर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी रुक गई. गाड़ी रुकते ही दोनों आरोपी उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत उन्हें दबोच लिया.
आरोपियों के पास से पाकिस्तान की तरफ से भेजी गई ड्रग्स और हथियारों की खेप बरामद हुई है. दोनों पंजाब के रहने वाले हैं. पूछताछ में पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. इनके पाकिस्तान और पंजाब के अन्य तस्करों से लिंक की भी जांच की जा रही है.
फिलहाल दोनों आरोपियों को थाने ले जाकर पूछताछ चल रही है. पुलिस इस पूरे अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट की परतें खोलने में जुटी हुई है.
(हरनेक सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: