उत्तर प्रदेश के बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती महिला बंदी ने फिल्मी अंदाज में पुलिस सुरक्षा को चकमा दे कर बुर्का पहन कर फरार हो गई. बताया जा रहा है की अदालत में पेशी के दौरान महिला कैदी की तबीयत खराब हो गई थी. उसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया था. यहां पर उसने महिला पुलिसकर्मियों को बताया की टॉयलेट जाना है. उसके बहाने वह वार्ड से निकली. बाथरूम जाते वक्त उसने सलवार-सूट पहन रखा था. बाथरूम के अंदर कपड़े बदले और बुर्का पहनकर अस्पताल से फरार हो गई.
महिला सिपाही बाहर उसका इंतजार करती रही
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पुलिसकर्मियों ने तलाश शुरू की तो उसके कपड़े टॉयलेट में टंगे मिले. इसके बाद महिला कैदी की तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला. घटना से पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. एसएसपी ने सुरक्षा में तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.
ममता नाम की महिला कैदी फरार
बताया जा रहा है कि इज्जतनगर क्षेत्र के गांव तुलाशेरपुर निवासी 48 वर्षीय ममता पत्नी पप्पू को फरीदपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में दिसंबर 2025 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था. बताया जा रहा है कि केसरपुर स्थित केंद्रीय कारागार-2 में बंद थी. 31 अगस्त 2026 को उसे पेशी के लिए जिला न्यायालय लाया गया था. अदालत में तबीयत बिगड़ने के बाद ममता को दो महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था. यहां पर महिला कैदी ने कहा कि उसको टॉयलेट जाना है, जिसके बाद वह टॉयलेट करने के लिए जाती है लेकिन काफी देर तक जब बाहर नहीं आती है तो महिला पुलिसकर्मी ने अंदर जाकर देखो तो वह कैदी नहीं थी. उसके कपड़े वहीं पर टंगे हुए थे. वह फिल्मी स्टाइल में फरार हो चुकी थी.
पहले से ही देख ली थी सुरक्षा व्यवस्था
बताया जा रहा है ममता बार-बार टॉयलेट जा रही थी. उसके लगातार आने-जाने से सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी भी परेशान हो गई थीं. माना जा रहा है कि इसी दौरान वह भागने का मौका तलाश रही थी. शाम उसने एक बार फिर टॉयलेट जाने की बात कही. बताया जा रहा है कि महिला आरोपी ने पूरी प्लानिंग कर ली थी, जिस समय वह टॉयलेट गई तो उस समय दोनों पुलिसकर्मी खाना खा रही थीं और उन्होंने उसे अकेले जाने दिया. काफी देर बाद भी ममता वापस नहीं लौटी तो महिला पुलिसकर्मी उसे देखने टॉयलेट पहुंचीं. वहां बंदी नहीं मिली, जबकि उसके पहने हुए कपड़े टंगे थे.
फरार होने के बाद घर पर किया फोन
बताया जा रहा है कि घटना के कुछ देर बाद ममता का बेटा केशव भी उसे तलाशते हुए जिला अस्पताल पहुंचा. पुलिस को बताया कि मां ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन किया था. फोन पर ममता ने कहा कि वह बाहर आ गई है और अब वह अपना मामला स्वयं देख ले. इसके बाद पुलिस को कंफर्म होगा कि महिला फरार हो गई है. पुलिस ने सुरक्षा में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस संबंध में थाना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी के तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है. जगह-जगह तलाश की जा रही है. रिश्तेदारों के घर पर तलाशी की जा रही है.