Advertisement

Vadodara News: बच्चे ने कहा- हैप्पी बर्थडे सर... तो शिक्षक ने जड़ दिया जोरदार तमाचा, कान का पर्दा फटा, यहां जानें फिर क्या हुआ?

गुजरात के वडोदरा स्थित एक स्कूल के कक्षा 6 के छात्र का अपने शिक्षक को जन्मदिन की बधाई देना भारी पड़ गया. जन्मदिन की बधाई देने वाले छात्र को शिक्षक ने क्लास से बाहर ले जाकर जोरदार थप्पड़ जड़ दिए. परिजनों ने इस घटना को लेकर नवापुरा पुलिस स्टेशन में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. 

Symbolic Photo
gnttv.com
  • वडोदरा ,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:34 AM IST

वडोदरा से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने गुरु-शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर दिया है. शहर के सिद्धनाथ तालाब के पास स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में एक 13 वर्षीय छात्र को अपने शिक्षक को जन्मदिन की बधाई देना भारी पड़ गया. जन्मदिन की बधाई देने पर शिक्षक इस कदर भड़क गए कि उन्होंने छात्र को जोरदार दो थप्पड़ जड़ दिए. इससे छात्र के कान में गंभीर चोट आई है. उसे इलाज के लिए सयाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

...तो भड़क गए शिक्षक
दरअसल, लिटिल फ्लावर स्कूल की कक्षा 6 में प्रेम चुनारा नाम का छात्र पढ़ाई करता है. बीते दिन स्कूल के एक शिक्षक जयेश परमार का जन्मदिन था. मासूम प्रेम ने अपने शिक्षक को खुश करने के लिए उन्हें 'हैप्पी बर्थडे' कहा और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. पत्ता नहीं क्यों, शिक्षक जयेश परमार इस बात पर बुरी तरह भड़क गए. वे प्रेम को क्लास से बाहर ले गए और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना से 13 साल का मासूम बच्चा इतना डर गया कि उसने डर के मारे उस दिन घर पर किसी को कुछ नहीं बताया. हालांकि अगले दिन सुबह जब उसके कान में तेज दर्द शुरू हुआ, तब जाकर उसने रोते हुए अपने माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई. 

पुलिस को दी मामले की सूचना 
घटना की जानकारी मिलते ही प्रेम के पिता सतीश चुनारा तुरंत स्कूल पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी. परिजनों ने इस पूरी घटना को लेकर नवापुरा पुलिस स्टेशन में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, घायल छात्र प्रेम को तुरंत इलाज के लिए सयाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. नवापुरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. उधर, एक मासूम छात्र द्वारा अपने शिक्षक को जन्मदिन की बधाई देने पर, रिटर्न गिफ्ट के रूप में मिले इन थप्पड़ों की इस घटना ने पूरे शिक्षा जगत को स्तब्ध कर दिया है.

क्या बोली छात्र की बहन
घायल छात्र प्रेम चुनारा की बहन ने बताया कि मेरा भाई स्कूल गया था तो वहां कुछ बच्चों ने सर को हैप्पी बर्थडे, हैप्पी बर्थडे कहा. मेरा भाई भी शिक्षक से मिला और पूछा कि सर आज आपका जन्मदिन है. इस पर सर ने कहा कि हां, आज मेरा जन्मदिन है. इस पर मेरे भाई ने उन्हें विश किया. इस पर सर पत्ता नहीं गुस्से में आ गए और मेरे भाई को खींचकर क्लास से बाहर लेकर गए और कान पर दो-चार थप्पड़ मारे. इससे मेरे भाई के कान का पर्दा फट गया. मेरे भाई को अब बिल्कुल भी सुनाई नहीं दे रहा है. उसे कान की चोट की वजह से कुछ खाना-पीना भी नहीं हो पा रहा है. उसने पूछा कि आखिर स्कूल का यह कैसा नियम है कि किसी बच्चे को बर्थडे विश करने पर मार मिलती है. 

(तुषार पटेल की रिपोर्ट) 


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement