उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में बीते तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब चल रही एमएससी की छात्रा का सड़ा-गला शव उसके प्रेमी के किराए के मकान के बाथरूम से बरामद किया गया है. छात्रा बीते 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी.
मां पहुंची प्रेमी के कमरे पर-
पुलिस सर्विलांस और परिजनों की खोजबीन के आधार पर जब मृतका की मां प्रेमी के बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचीं, तो वहां ताला बंद मिला. प्रेमी के ननिहाल से मिली चाबी से जब कमरा खोला गया, तो अंदर भीषण बदबू के बीच छात्रा का शव पड़ा मिला. इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी प्रेमी मौके से फरार है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
कॉलेज से निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची-
राजातालाब क्षेत्र के मरुई-जमुनी गांव निवासी सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी श्रेया उपाध्याय जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. 18 अगस्त को वह कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जब छात्रा का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया, तो उसकी अंतिम लोकेशन बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली.
मां को मिला बेटी के प्रेमी का सुराग-
इस दौरान श्रेया की मां और उसके चचेरे भाई को पता चला कि चोलापुर निवासी विवेक चौबे, जिससे श्रेया का परिचय था, वह भी गायब है. विवेक के ननिहाल (मिर्जापुर के सीखड़ गांव) में रखे उसके मामा के घर मे एक बैग से बच्छांव वाले कमरे की चाबी मिली. चाबी लेकर जब श्रेया की मां कमरे पर पहुंचीं और दरवाजा खोला, तो अंदर बाथरूम में श्रेया का खराब हो चुका शव पड़ा था.
प्रेमी ने की हत्या- परिजन
परिजनों का आरोप है कि प्रेमी ने ही छात्रा की हत्या कर शव को बाथरूम में छिपाया और फरार हो गया. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. घटना के पीछे का कारण श्रेया का बगल के ही एक गांव के युवक से पिता के द्वारा विवाह को पक्का कर दिया जाना बताया जा रहा है.
प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई 4 टीमें-
वहीं, डीसीपी गोमती नीतू काद्यान ने बताया कि श्रेया का शव जिस कमरे में मिला, वह विवेक चौबे ने, जो इनका रिश्तेदार भी लगता है, किराए पर ले रखा था. आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें भी गठित कर दी गई है.
ये भी पढ़ें: