Advertisement

ऑफबीट

सहारनपुर का मैंगो बाजार फिर गुलजार, मिल रहे कई फेमस वैरायटी के आम, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रुककर खरीद रहे लोग

राहुल कुमार
  • सहारनपुर,
  • 25 मई 2026,
  • Updated 2:48 PM IST
1/6

सहारनपुर जनपद जिसे मैंगो बेल्ट के नाम से जाना जाता है, वहां एक बार फिर आमों का मशहूर बाजार सज चुका है. इस बार यह मैंगो बाजार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कोलकी टोल प्लाजा के पास लगाया गया है, जहां शुरुआत में ही करीब 150 से 200 दुकानों पर अलग-अलग वैरायटी के आम बिकने लगे हैं. 

2/6

यहां आने वाले लोगों को 50 रुपये किलो से लेकर 1000 रुपये किलो तक के आम मिल रहे हैं. बाजार में कई प्रदेशों में मशहूर खास वैरायटी लोगों को आकर्षित कर रही हैं.

3/6

इस मैंगो बाजार की सबसे खास बात यह है कि यहां सैकड़ों प्रकार के आमों का स्वाद एक ही जगह मिल जाता है. केसर, अल्फांसो, हापुस, आम्रपाली, नागिन दशहरी, गोल्डन, बादामी और मुंबई आम जैसी कई वैरायटी लोगों की पहली पसंद बनी हुई हैं. 

4/6

हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल से गुजरने वाले लोग अपनी गाड़ियां रोककर यहां आम खरीदते और स्वाद लेते नजर आते हैं. कई लोग यहां से आम खरीदकर अपने घरों तक ले जाते हैं.

5/6

दुकानदार मोहम्मद सरफराज खान ने बताया कि उनका परिवार पिछले लगभग 50 सालों से इस मैंगो बाजार को लगाता आ रहा है. पहले उनके पिता यहां आम बेचते थे और अब वह खुद इस कारोबार को संभाल रहे हैं. उन्होंने बताया कि अभी बाजार की शुरुआत है इसलिए फिलहाल करीब 10 वैरायटी मौजूद हैं, लेकिन जून में सहारनपुर का लोकल आम आने के बाद यहां 20 से 30 वैरायटी और बढ़ जाएंगी. उन्होंने कहा कि गोल्डन और बदामी आम की डिमांड सबसे ज्यादा है क्योंकि इनका स्वाद मिठाइयों जैसा लगता है.

6/6

वहीं दुकानदार आशु और सरफराज ने बताया कि फिलहाल बाजार में कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, हैदराबाद और लखनऊ के आम पहुंच रहे हैं. एक्सप्रेसवे बनने के बाद पिछले दो सालों से यह बाजार हाईवे किनारे लगाया जा रहा है, जिससे बाहर से आने वाले ग्राहकों की संख्या काफी बढ़ गई है. सुबह से देर शाम तक यहां लोगों की भीड़ लगी रहती है और हाईवे से गुजरने वाले यात्री रुककर आम खरीदना नहीं भूलते.

Advertisement
Advertisement