Advertisement

खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताकर लोगों को धमकाता था... व्हाट्सऐप डीपी पर लगाई थी गैंगस्टर की तस्वीर, गिरफ्तार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2025 में पुणे की एक कंपनी में काम करने गया था. वहां दोस्तों के साथ रहते हुए वह इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था.

20 Year Old man Arrested in Ghaziabad
मयंक गौड़
  • गाजियाबाद ,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:16 PM IST

सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी सामग्री देखकर प्रभावित हुए एक युवक ने खुद को गैंग का सदस्य बताकर लोगों को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया. व्हाट्सऐप पर वॉयस मैसेज भेजकर धमकाने के मामले में गाजियाबाद अपराध शाखा ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान अंशु प्रजापति निवासी अमौनी, थाना महाराजगंज, जनपद फैजाबाद के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट की डीपी पर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर लगा रखी थी और अकाउंट के विवरण में भी गैंग का नाम लिखा था.

जान से मारने की धमकी दी
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को विजय नगर निवासी आरव शर्मा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए दो वॉयस मैसेज भेजे गए थे. इनमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए जान से मारने की धमकी दी गई थी. शिकायत के आधार पर थाना विजय नगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की. इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर मंगलवार, 27 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से प्रभावित था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2025 में पुणे की एक कंपनी में काम करने गया था. वहां दोस्तों के साथ रहते हुए वह इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था. इसी दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित रील और अन्य सामग्री देखकर वह प्रभावित हो गया. इसके बाद उसने अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट बनाया और उस पर गैंग से जुड़ी पहचान प्रदर्शित करने लगा.

व्हाट्सऐप पर वॉयस मैसेज भेजकर धमकाता था
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों के मोबाइल नंबर जुटाता था और फिर उन्हें व्हाट्सऐप पर वॉयस मैसेज भेजकर धमकाता था. वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर लोगों में डर पैदा करने की कोशिश करता था. अब पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement