5 comforting amla dishes: सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में आंवले की हरियाली दिखने लगती है. आंवला न सिर्फ स्वाद में खट्टा-मीठा होता है, बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं. आयुर्वेद में आंवले को औषधीय फल माना गया है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करता है. विटामिन C, पॉलीफेनॉल, फ्लेवोनॉयड्स और टैनिन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर आंवला हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है. जर्नल ऑफ मेडिसिनल फूड (2006) के अनुसार, आंवले में मौजूद विटामिन C और पॉलीफेनॉल्स सफेद रक्त कोशिकाओं के कामकाज को बेहतर बनाते हैं, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं और समय से पहले बुढ़ापे, सूजन व पुरानी बीमारियों से बचाव में सहायक होते हैं.
तो चलिए आपको बताते हैं आंवले से बनने वाले कुछ खास और स्वादिष्ट व्यंजनों के बारे में.
आंवला मुरब्बा
आंवला मुरब्बा एक बेहद लोकप्रिय व्यंजन है. इसमें आंवले को हल्का छेदकर चीनी या गुड़ की चाशनी में धीमी आंच पर पकाया जाता है. यह स्वाद में मीठा, पाचन के लिए लाभकारी और इम्यूनिटी बढ़ाने वाला माना जाता है. सर्दियों में रोज सुबह इसका सेवन शरीर को ऊर्जा देता है.
आंवला रसम
दक्षिण भारतीय रसोई से आया आंवला रसम एक गर्म और हल्का तीखा सूप जैसा व्यंजन है. इसे मूंग दाल, आंवला, हल्दी और नमक के साथ पकाया जाता है. बाद में इसमें धनिया पत्ती, लहसुन, हरी मिर्च और काली मिर्च का पेस्ट मिलाया जाता है. यह इडली, वड़ा या सादे चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है.
आंवला चटनी
सर्दियों में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली आंवला चटनी स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखती है. इसे आंवला, नारियल, अदरक, धनिया पत्ती, लहसुन और हरी मिर्च से बनाया जाता है. ऊपर से कच्चे सरसों के तेल की कुछ बूंदें डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
आंवला थोक्कू
आंवला थोक्कू दक्षिण भारत का एक मसालेदार व्यंजन है. उबले हुए आंवले को सरसों के दाने, सूखी लाल मिर्च और तिल के तेल में पकाया जाता है. यह गरम चावल और घी के साथ खाने में बेहद लाजवाब लगता है.
आंवला अचार
आंवले का इंस्टेंट अचार भी सर्दियों में काफी पसंद किया जाता है. इसमें भाप में पके आंवले को गरम सरसों के तेल में जीरा पाउडर, सरसों पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर, हल्दी, लाल मिर्च और नमक के साथ मिलाया जाता है. यह अचार 7 से 10 दिन तक आराम से चल जाता है.
ये भी पढ़ें: