बारिश के मौसम में सांप अक्सर अपने बिलों से निकलकर सुरक्षित और सूखी जगहों की तलाश में रिहायशी इलाकों का रुख करते हैं. ऐसे में घर के किसी कोने, स्टोर रूम या फर्नीचर के अंदर भी उनके छिपने की घटनाएं सामने आती रहती हैं.
मध्य प्रदेश के बैतूल में गुरुवार सुबह ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक परिवार के होश उस समय उड़ गए, जब घर के सोफे के अंदर करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिला. समय रहते सांप पर नजर पड़ गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
सर्पमित्र ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
सोफे के अंदर छिपा था सांप
घटना बैतूल के बडोरा स्काई सिटी इलाके की है. यहां रहने वाले महेश बोखारे के परिवार ने सोफे के अंदर सांप दिखाई देने पर तुरंत सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को सूचना दी. मौके पर पहुंचे सर्पमित्र ने सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया. राहत की बात यह रही कि इस दौरान परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ.
लगातार बारिश के कारण बढ़ रहे हैं ऐसे मामले
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात हुई तेज बारिश के कारण कई जगह सांपों के बिलों में पानी भर गया. ऐसे में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों और रिहायशी इलाकों की ओर निकल रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए.
-राजेश भाटिया की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: